DM ने की नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर लोकार्पण के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा, बोली- जिम्मेदारी के साथ अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करें अधिकारी
गौतमबुद्धनगर। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आज नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर पर प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों, प्रभारी एवं इंचार्ज अधिकारियों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं का बिंदुवार जायजा लिया गया और विभागवार जिम्मेदारियां तय करते हुए सभी अधिकारियों को समयबद्ध और सुव्यवस्थित कार्यान्वयन के लिए निर्देश दिए गए।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने-अपने दायित्वों का पालन सुनिश्चित करें। सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मार्ग संचालन, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग, साइनेज, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम, सीसीटीवी मॉनिटरिंग और कंट्रोल रूम संचालन जैसी सभी व्यवस्थाएं समयसीमा के भीतर पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, पार्किंग और आगमन-प्रस्थान मार्गों में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

तकनीकी और निगरानी इंतजामों की समीक्षा
जिलाधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त व्यवस्था और कंट्रोल रूम के माध्यम से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, खराब वाहनों को हटाने की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम को व्यवस्थित बनाए रखने पर जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में नेशनल और इंटरनेशनल मीडिया, वरिष्ठ अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, उद्यमियों, विशिष्ट अतिथि और आमजन की बड़ी संख्या में उपस्थिति को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखा जाए।
प्रचार-प्रसार और निगरानी के निर्देश
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इस महत्वपूर्ण अवसर से जुड़ सकें और प्रदेश के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट की जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने बैठक में उपस्थित अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाए और किसी भी स्तर पर समस्या उत्पन्न होने पर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में एसीओ ग्रेटर नोएडा वंदना त्रिपाठी, एसीओ यमुना विकास प्राधिकरण राजेश कुमार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिला अधिकारी भू0/अ0 बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका सहित जिला प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस विभाग के अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।