IPL इतिहास की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बनी RCB, अरबों की डील में बदला मालिकाना हक

0 31

आईपीएल 2026 से पहले क्रिकेट जगत में एक बड़ी हलचल देखने को मिली है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को लेकर एक ऐतिहासिक डील सामने आई है, जिसने फ्रेंचाइजी क्रिकेट की दुनिया में नया रिकॉर्ड कायम कर दिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, टीम को आदित्य बिड़ला ग्रुप के नेतृत्व वाले निवेशक समूह ने करीब 16,706 करोड़ रुपये (1.78 बिलियन डॉलर) में खरीद लिया है।

निवेशक समूह में कई बड़ी कंपनियां शामिल
इस डील में आदित्य बिड़ला ग्रुप के साथ टाइम्स ऑफ इंडिया ग्रुप, ब्लैकस्टोन की प्राइवेट इक्विटी यूनिट और बोल्ट वेंचर्स भी शामिल हैं। इस समूह ने यूनाइटेड स्पिरिट्स लिमिटेड के साथ समझौता कर RCB की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर ली है।

पुरुष और महिला दोनों टीम डील में शामिल
खास बात यह है कि इस सौदे में RCB की पुरुष और महिला दोनों टीमें शामिल हैं, जो फिलहाल IPL और WPL की मौजूदा चैंपियन हैं। इस डील के साथ ही RCB टी20 क्रिकेट इतिहास की सबसे महंगी फ्रेंचाइजी बन गई है। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स को करीब 15,300 करोड़ रुपये में बेचा गया था, लेकिन RCB ने उस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।

नेतृत्व की जिम्मेदारी नए चेहरों को
नई डील के बाद टीम के नेतृत्व की जिम्मेदारियां भी तय कर दी गई हैं। आर्यमन विक्रम बिड़ला को चेयरमैन बनाया जाएगा, जबकि सत्यन गजवानी वाइस-चेयरमैन की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा डेविड ब्लिट्जर और विरल पटेल भी इस निवेशक समूह का हिस्सा हैं।

आईपीएल की वैश्विक ताकत पर बिड़ला का बयान
इस मौके पर कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि पिछले दो दशकों में इंडियन प्रीमियर लीग एक ग्लोबल स्पोर्टिंग पावरहाउस के रूप में उभरा है, जिसने भारतीय क्रिकेट की तस्वीर को पूरी तरह बदल दिया है। उन्होंने कहा कि RCB जैसी बड़ी फ्रेंचाइजी के साथ जुड़ना समूह के लिए वैश्विक खेल मंच पर अपनी पहचान मजबूत करने का बड़ा अवसर है।

मंजूरी के बाद ही डील होगी पूरी
हालांकि, इस हाई-प्रोफाइल डील को अंतिम रूप मिलने के लिए BCCI और CCI की मंजूरी अभी बाकी है। मंजूरी मिलने के बाद IPL 2026 में RCB नई पहचान और नए मालिकाना ढांचे के साथ मैदान में उतर सकती है।

लगातार बढ़ रही IPL की ब्रांड वैल्यू
इस सौदे ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि IPL की ब्रांड वैल्यू लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है और दुनिया भर के बड़े निवेशक इस लीग में निवेश करने के लिए उत्साहित हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.