खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात: लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार अब 10 लाख रुपये, CM योगी का ऐलान

0 18

उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की है कि अगले वर्ष से लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार की राशि बढ़ाकर 10-10 लाख रुपये कर दी जाएगी। फिलहाल इन पुरस्कारों के तहत 3.11 लाख रुपये दिए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने खेल विभाग को इस संबंध में प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश भी दिए हैं।

लोकभवन में खिलाड़ियों को मिला सम्मान और नियुक्ति पत्र
लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले छह खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही नौ खिलाड़ियों को लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया गया। नौ खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि दी गई, जबकि 19 खिलाड़ियों को एकलव्य कोष से आर्थिक सहायता उनके खातों में ट्रांसफर की गई।

खेल बजट में कई गुना बढ़ोतरी, सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने खेल बजट में कई गुना वृद्धि की है और पिछले नौ वर्षों में खिलाड़ियों को 200 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि हर गांव में खेल का माहौल बनाने की दिशा में काम हो रहा है, हर विकास खंड में मिनी स्टेडियम और हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं।

मेरठ में खेल विश्वविद्यालय का जल्द होगा लोकार्पण
उन्होंने जानकारी दी कि मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निर्माण पूरा हो चुका है और इसका लोकार्पण मई-जून में किया जाएगा। इसके अलावा सांसद और विधायक निधि से भी खेल सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।

ओलंपिक पदक विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार
राज्य सरकार की ओर से ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर छह करोड़, रजत पर चार करोड़ और कांस्य पदक पर दो करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है। अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है।

कई खिलाड़ियों को मिली अहम नियुक्तियां
कार्यक्रम में पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल को पुलिस उपाधीक्षक (डिप्टी एसपी) पद पर नियुक्ति पत्र दिया गया। इसके अलावा अजीत सिंह और सिमरन को जिला पंचायत राज अधिकारी तथा प्रीति पाल को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के पद पर नियुक्त किया गया।

इन खिलाड़ियों को मिला लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार
लक्ष्मण पुरस्कार गाजीपुर के हॉकी खिलाड़ी उत्तम सिंह, प्रयागराज के जिम्नास्ट अभिजीत कुमार, गौतमबुद्धनगर के पहलवान जोन्टी कुमार, आगरा के पैरा कैनोइंग खिलाड़ी यश कुमार और गौतमबुद्धनगर के पैरा एथलीट प्रवीण कुमार को दिया गया।
वहीं रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार सहारनपुर की एथलीट प्राची, बागपत की तान्या चौधरी, गौतमबुद्धनगर की शतरंज खिलाड़ी वंतिका अग्रवाल और लखनऊ की पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी प्रगति केसरवानी को मिला।

अन्य खिलाड़ियों को भी मिली प्रोत्साहन राशि
गोरखपुर के पैरा पावरलिफ्टर विनय को 40 लाख रुपये, मेरठ के विक्रांत बालियान को 15 लाख रुपये, बागपत के शूटर सागर दांगी को 15 लाख रुपये, गोरखपुर के पर्वतारोही भानू पाठक और गाजियाबाद के दीपक कुमार को 15-15 लाख रुपये दिए गए। इसके अलावा लखनऊ की तनुश्री पांडेय को 14 लाख, ओम यादव को 12 लाख, राजकुमार पाल और यश कुमार को 10-10 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम में दिखा हल्का-फुल्का अंदाज
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि केवल गिल्ली-डंडा खेल लेने से कोई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नहीं बन जाता, इसके लिए कड़ी मेहनत और समर्पण जरूरी है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.