स्मार्टफोन बाजार में चर्चित ब्रांड वनप्लस को लेकर एक बार फिर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। हालिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कंपनी कुछ प्रमुख अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अपना कामकाज सीमित या बंद करने की तैयारी कर रही है। इसी बीच भारत में कंपनी के शीर्ष स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जिससे इन अटकलों को और हवा मिली है।
यूरोप और अमेरिका में ऑपरेशन बंद होने की चर्चा
सूत्रों और सोशल मीडिया पर सामने आई जानकारी के अनुसार, कंपनी अमेरिका, ब्रिटेन और यूरोप के कुछ हिस्सों में अपने कारोबार को समेट सकती है। हालांकि इस संबंध में कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। बताया जा रहा है कि यह कदम वैश्विक रणनीति में बदलाव के तहत उठाया जा सकता है।
भारत और चीन पर रहेगा फोकस
रिपोर्ट्स के मुताबिक, संभावित बदलावों का असर चीन और भारत के बाजार पर नहीं पड़ेगा। कंपनी इन दोनों बड़े बाजारों में अपनी मौजूदगी बनाए रखेगी और खासतौर पर भारत में बजट और मिड-रेंज स्मार्टफोन सेगमेंट पर ज्यादा ध्यान दे सकती है।
भारत के CEO ने दिया इस्तीफा
इसी बीच कंपनी के भारत प्रमुख रॉबिन लियू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी के अनुसार, उन्होंने निजी कारणों और अपने व्यक्तिगत रुचियों को आगे बढ़ाने के लिए यह फैसला लिया है। उनका कार्यकाल मार्च के अंत तक माना जा रहा है और वह पहले ही अपने देश लौट चुके हैं।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि भारत में उसका कामकाज सामान्य रूप से जारी रहेगा और स्थानीय रणनीति के तहत संचालन चलता रहेगा।
नए लॉन्च पर भी अनिश्चितता
रिपोर्ट्स में यह भी सामने आया है कि कंपनी कुछ आगामी प्रीमियम स्मार्टफोन्स के लॉन्च प्लान में बदलाव कर सकती है। खासतौर पर फोल्डेबल और कॉम्पैक्ट फ्लैगशिप डिवाइस को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। हालांकि इस पर भी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
गिरती बिक्री से बढ़ी चुनौती
स्मार्टफोन बाजार में कड़ी प्रतिस्पर्धा और सप्लाई से जुड़ी चुनौतियों का असर कंपनी पर साफ दिख रहा है। हाल के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 के दौरान कंपनी की शिपमेंट में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे उसके मार्केट शेयर पर भी दबाव बढ़ा है।
भारत में जारी रहेगी नई रणनीति
इन सभी अटकलों के बीच कंपनी भारत में अपनी मिड-रेंज सीरीज को मजबूत करने की तैयारी में है। जल्द ही नए स्मार्टफोन लॉन्च की योजना इस बात का संकेत है कि भारतीय बाजार कंपनी के लिए अभी भी बेहद अहम बना हुआ है।