LPG संकट के बीच सरकार का बड़ा कदम, PNG कनेक्शन नहीं लेने पर बंद हो सकती है गैस सप्लाई

0 59

नई दिल्ली: देश की राजधानी में एलपीजी गैस सिलिंडर को लेकर बढ़ती परेशानियों के बीच केंद्र सरकार अब पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी को तेजी से बढ़ावा देने की दिशा में सख्त कदम उठा रही है। जिन इलाकों में पीएनजी नेटवर्क उपलब्ध है, वहां सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे सार्वजनिक सूचना के माध्यम से लोगों को पीएनजी कनेक्शन लेने के लिए जागरूक करें। इतना ही नहीं, तय समयसीमा के भीतर कनेक्शन नहीं लेने वाले उपभोक्ताओं की एलपीजी सप्लाई बंद करने की भी तैयारी है।

सरकारी रणनीति के तहत स्पष्ट किया गया है कि जिन घरों तक पीएनजी लाइन पहुंच चुकी है, वहां तीन महीने के भीतर कनेक्शन लेना जरूरी होगा। निर्धारित अवधि में ऐसा नहीं करने पर संबंधित परिवारों को एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति रोक दी जाएगी। इस कदम का उद्देश्य एलपीजी पर दबाव कम करना और वैकल्पिक ईंधन को बढ़ावा देना है।

दिल्ली में तेजी से बढ़ रहे PNG कनेक्शन

सूत्रों के मुताबिक, एक मार्च से अब तक दिल्ली में 30 हजार से ज्यादा नए पीएनजी कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं। जिन इलाकों में पहले से पीएनजी नेटवर्क मौजूद है, वहां अब उपभोक्ताओं की संख्या तेजी से बढ़ रही है। हालांकि, हालिया हालात बनने से पहले इस तरह की तेजी देखने को नहीं मिल रही थी।

नए उपभोक्ताओं के लिए IGL की खास स्कीमें

पीएनजी को बढ़ावा देने के लिए संबंधित कंपनी की ओर से आकर्षक योजनाएं भी शुरू की गई हैं। 31 मार्च से पहले नया कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को पहले बिल में 500 रुपये तक की छूट या शुरुआती तीन महीनों तक फिक्स चार्ज में राहत दी जा रही है। इसके बाद प्रतिदिन केवल 1 रुपये का चार्ज लागू होगा। इसके अलावा सिक्योरिटी डिपॉजिट को किस्तों में जमा करने की सुविधा भी दी गई है।

मंत्री का दावा- एलपीजी की कोई कमी नहीं

दिल्ली विधानसभा के बजट सत्र के दौरान खाद्य और आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सदन में स्पष्ट किया कि राजधानी में एलपीजी की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि गैस वितरण को लेकर किसी भी तरह की अफवाह फैलाने से बचना चाहिए। यह बयान उस समय आया जब एक विधायक ने गैस की किल्लत और कालाबाजारी का मुद्दा उठाया। मंत्री के मुताबिक, पिछले 22 से 25 दिनों के दौरान सप्लाई पूरी तरह सामान्य रही है और किसी तरह की कमी सामने नहीं आई है।

जमीनी हकीकत: सुबह 6 बजे से लग रही लंबी कतारें

सरकारी दावों के उलट दिल्ली के कई इलाकों में उपभोक्ताओं को अब भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नजफगढ़ में एक गैस एजेंसी के बाहर सुबह 6 बजे से ही लोगों की लंबी लाइन लग जाती है। एजेंसी खुलते ही सिलिंडर लेने के लिए भीड़ बढ़ जाती है और हालात अव्यवस्थित हो जाते हैं।

लाइन में लगे उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग के बावजूद समय पर सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। एक उपभोक्ता ने बताया कि 18 मार्च को बुकिंग कराने के बाद भी अब तक ओटीपी नहीं मिला है और अब 45 दिन तक इंतजार करने को कहा जा रहा है। उनका कहना है कि पहले 25 दिन की बात कही गई थी, फिर 35 दिन और अब 45 दिन का समय बताया जा रहा है।

लंबा इंतजार और बढ़ती नाराजगी

कई अन्य उपभोक्ताओं ने भी देरी और अव्यवस्था पर नाराजगी जताई है। सुबह-सुबह लाइन में लगने के बावजूद उन्हें स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। कुछ लोगों का कहना है कि एजेंसी में दिए गए संपर्क नंबर पर बात तक नहीं हो पाती, जिससे समस्या और बढ़ जाती है। कामकाजी लोगों के लिए यह स्थिति और भी मुश्किल बन रही है, क्योंकि उन्हें नौकरी और घरेलू जरूरतों के बीच संतुलन बनाना पड़ रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.