Lucknow News: अफवाह से पेट्रोल पंपों पर हड़कंप, कहीं तेल खत्म तो कहीं लंबी लाइनें

0 172

लखनऊ: ईरान-अमेरिका-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव की खबरों के बीच फैली अफवाह ने राजधानी लखनऊ में पेट्रोल-डीजल को लेकर अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर गुरुवार को भारी भीड़ उमड़ पड़ी, लंबी-लंबी कतारें लग गईं और कुछ जगहों पर पेट्रोल का स्टॉक तक खत्म हो गया। हालांकि, सरकार और तेल कंपनियों ने साफ कहा है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

इन पेट्रोल पंपों पर खत्म हुआ पेट्रोल
शहर के कई प्रमुख पंपों पर पेट्रोल की किल्लत देखने को मिली। लाल कुआं स्थित मालती पेट्रोल पंप पर पेट्रोल उपलब्ध नहीं था। ऐशबाग पुल के पास शनि मंदिर के सामने अग्रवाल पेट्रोल पंप सुबह से बंद रहा। अशोक मार्ग स्थित इंडियन ऑयल पंप पर पेट्रोल खत्म हो गया और केवल डीजल ही मिल रहा था।

हजरतगंज के तलवार पेट्रोल पंप पर भी दोपहर तक पेट्रोल खत्म रहा, हालांकि बाद में टैंकर पहुंचने पर सप्लाई शुरू हुई। गोमती नगर के विराम खंड और कौठाता चौराहे के पास स्थित पंपों पर भी दोपहर तक पेट्रोल समाप्त हो गया।

कई जगह लागू हुई लिमिट
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई पेट्रोल पंपों ने प्रति वाहन पेट्रोल-डीजल की सीमा तय कर दी। विभूतिखंड के एक पंप पर बाइक को अधिकतम 5 लीटर पेट्रोल दिया गया। आईटी चौराहे के पास एक पंप पर बाइक के लिए ₹200 और कार के लिए ₹500 की सीमा तय की गई।

देवा रोड और मटियारी क्षेत्र के पंपों पर भी ₹100 से ₹200 तक की सीमा लागू की गई, जिससे लोगों में चिंता और बढ़ गई।

कुछ जगह स्थिति रही सामान्य
हालांकि शहर के सभी पेट्रोल पंपों पर संकट नहीं था। चारबाग, कैंट और गोमती नगर के कुछ पंपों पर पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य रही। यहां बिना किसी लिमिट के ईंधन दिया गया, हालांकि भीड़ जरूर देखने को मिली।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति बेहतर
माल क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल और डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहा। संचालकों के अनुसार, सप्लाई नियमित है और किसी तरह की कमी नहीं है। वहीं इटौंजा क्षेत्र के एक पंप पर डीजल की कमी जरूर देखने को मिली, जिससे किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

प्रशासन की अपील
सरकार और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। यह स्थिति केवल अफवाहों के कारण बनी है। लोगों से अपील की गई है कि वे घबराकर ईंधन जमा न करें और सामान्य रूप से ही पेट्रोल पंपों का उपयोग करें। लखनऊ में पेट्रोल पंपों पर लगी भीड़ और सीमित आपूर्ति का मुख्य कारण अफवाहें हैं, न कि वास्तविक कमी। प्रशासन की अपील है कि स्थिति जल्द ही सामान्य हो जाएगी, इसलिए लोगों को संयम बनाए रखना चाहिए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.