कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबीयत को लेकर अहम अपडेट सामने आया है। नई दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में भर्ती सोनिया गांधी फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में हैं और उनका इलाज अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा।
अस्पताल का मेडिकल बुलेटिन
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, सोनिया गांधी को 24 मार्च को भर्ती कराया गया था। अस्पताल के चेयरमैन डॉ. अजय स्वरूप ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है। डॉक्टर पेट और मूत्र संबंधी संक्रमण की संभावना को लेकर जांच कर रहे हैं और उन्हें एंटीबायोटिक दी जा रही है। अस्पताल ने कहा कि सोनिया गांधी को बुखार के कारण भर्ती किया गया था और उन्हें सिस्टमिक संक्रमण के इलाज के लिए रखा गया है। उनका उपचार डॉ. डीएस राणा, डॉ. एस नुंडी और डॉ. अरूप बसु की निगरानी में चल रहा है।
सिस्टमिक इंफेक्शन क्या है?
सिस्टमिक इंफेक्शन वह स्थिति है, जब शरीर के किसी एक हिस्से में शुरू हुआ संक्रमण धीरे-धीरे फैलकर अन्य अंगों को भी प्रभावित करने लगता है। उदाहरण के लिए श्वसन तंत्र या मूत्र तंत्र में शुरू हुआ संक्रमण पूरे शरीर पर असर डाल सकता है। इसके लक्षणों में बुखार, कमजोरी, थकान और शरीर में दर्द शामिल हैं। समय पर इलाज न मिलने पर यह गंभीर हो सकता है।
राहुल गांधी का भावुक संदेश
इस बीच राहुल गांधी ने अस्पताल में बिताई रात का जिक्र करते हुए कहा कि वे अपनी मां के कमरे में छोटे सोफे पर सोए और उनकी सेहत को लेकर काफी चिंतित थे। उन्होंने बताया कि पूरी रात एक नर्स हर घंटे उनकी मां का हालचाल लेने आती रही, मुस्कुराकर उनका हाथ पकड़ती रही, जिससे उन्हें काफी सुकून मिला। राहुल गांधी ने कहा कि जब पूरी दुनिया सोती है, तब केरल की नर्सें देश और दुनिया भर में लोगों की सेवा करती हैं। उनके अनुसार, यही केरल की असली पहचान है।