मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच भारत के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। LPG से भरा ‘जग वसंत’ नाम का टैंकर सुरक्षित रूप से वाडीनार पोर्ट पहुंच गया है। यह जहाज करीब 16 हजार मीट्रिक टन LPG लेकर आया है, जिसे घरेलू गैस आपूर्ति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
पोर्ट पर बढ़ाई गई सुरक्षा, ऑपरेशन हुआ तेज
मौजूदा हालात को देखते हुए हॉर्मुज क्षेत्र में जोखिम बना हुआ है, ऐसे में जहाज का सुरक्षित पहुंचना बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। फिलहाल यह टैंकर वाडीनार पोर्ट से लगभग 10 नॉटिकल मील दूर एंकरिंग पर खड़ा है। जहाज के पहुंचते ही पोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और ऑपरेशन को भी तेज किया गया है। बड़े टैंकर ‘जग वसंत’ से ‘रोज़’ नाम के छोटे टग में LPG ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मिडिल ईस्ट में संघर्ष जारी, सप्लाई पर नजर
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के बीच ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बनी हुई है। इस बीच ‘जग वसंत’ के पहुंचने से देश में गैस सप्लाई को मजबूती मिलने की उम्मीद है। जानकारी के मुताबिक, क्षेत्र में युद्ध का यह 28वां दिन है, जहां ईरान और इजरायल के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। हमलों और जवाबी कार्रवाई के चलते पूरे इलाके में अस्थिरता बनी हुई है।
ईरान ने मित्र देशों को दी राहत, भारत को प्राथमिकता
तनाव के चलते ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही पर रोक लगा दी थी। हालांकि बाद में ईरान ने पांच मित्र देशों की सूची जारी कर उन्हें इस मार्ग से गुजरने की अनुमति दी। इस सूची में भारत को पहला स्थान दिया गया। इसके अलावा चीन, रूस, पाकिस्तान और इराक को भी वाणिज्यिक जहाजों के आवागमन की इजाजत दी गई है।