दिल्ली में मौसम का मिजाज बदलेगा, तीन दिन तक बारिश के आसार; ‘येलो अलर्ट’ जारी

0 21

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। शनिवार की सुबह हल्के बादलों के बीच शुरू हुई, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप तेज हो गई, जिससे तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि रविवार से मौसम का रुख बदल सकता है। तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना को देखते हुए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज
शनिवार को न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी गई। जहां शुक्रवार को यह 20.6 डिग्री सेल्सियस था, वहीं शनिवार को घटकर 18.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दूसरी ओर अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार को मौसम बदलने के साथ अधिकतम तापमान में कमी आ सकती है।

रविवार को दिनभर छाए रहेंगे बादल
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को आसमान में पूरे दिन बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान गरज-चमक और बिजली कड़कने के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बीच-बीच में बूंदाबांदी और हल्की बारिश का दौर भी जारी रह सकता है। दिल्ली के साथ-साथ पूरे एनसीआर क्षेत्र में ऐसा ही मौसम देखने को मिल सकता है।

सोमवार और मंगलवार को भी बारिश की संभावना
मौसम का यह बदला हुआ मिजाज सोमवार और मंगलवार को भी बना रह सकता है। इन दोनों दिनों में बादल छाए रहने के साथ दोपहर बाद हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है। हालांकि, एक और दो अप्रैल यानी बुधवार और बृहस्पतिवार को बादल तो रहेंगे, लेकिन बारिश के आसार कम हैं। इन दिनों अधिकतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तीन अप्रैल को फिर से मौसम बदलने और हल्की बारिश होने की संभावना है।

हवा की गुणवत्ता में स्थिरता बनी हुई
राजधानी की हवा की गुणवत्ता भी पिछले कुछ दिनों से स्थिर बनी हुई है। 18 मार्च के बाद से वायु गुणवत्ता लगातार मध्यम श्रेणी में बनी हुई है। 20 मार्च को एक्यूआई 93 दर्ज किया गया था, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। वहीं शनिवार को यह बढ़कर 154 पर पहुंच गया, जो मध्यम श्रेणी में है। आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता में बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.