‘AC कमरों से निकलने वाले हमें न सिखाएं जनता का दर्द’, अखिलेश के ‘मेहमान’ बयान पर पंकज चौधरी का तीखा पलटवार
लखनऊ में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री को ‘मेहमान’ बताए जाने वाले बयान पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से कड़ा जवाब सामने आया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कई सवाल खड़े किए।
‘प्रदेश की जनता का हर घर प्रधानमंत्री का अपना घर’
पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री को ‘मेहमान’ बताने वाले यह समझ लें कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता का हर घर उनका अपना घर है। उन्होंने कहा कि असल मेहमान वे लोग हैं, जो पांच साल में सिर्फ चुनाव के समय एसी कमरों से बाहर निकलते हैं और हार की आशंका होने पर संस्कारों की बात करने लगते हैं।
नोएडा को लेकर भी साधा निशाना
भाजपा नेता ने अपने बयान में नोएडा का जिक्र करते हुए विपक्ष पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जो लोग कभी सत्ता जाने के डर से नोएडा की दहलीज पार करने से बचते थे, आज उसी नोएडा में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भव्य अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन हो चुका है। यह बदलाव विकास की नई दिशा को दिखाता है।
‘भ्रष्ट राजनीति पर तमाचा है एयरपोर्ट’
पंकज चौधरी ने कहा कि यह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उस राजनीति के लिए करारा जवाब है, जिसने नोएडा को सिर्फ अपने फायदे का माध्यम बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारों ने विकास के बजाय निजी हितों को प्राथमिकता दी, जबकि अब बुनियादी ढांचे पर तेजी से काम हो रहा है।
2027 चुनाव को लेकर भी दी चेतावनी
अपने बयान के अंत में पंकज चौधरी ने 2027 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता विपक्ष की राजनीति पर ‘स्थायी विराम’ लगाने के लिए तैयार है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में जनता अपना फैसला साफ तौर पर सुनाएगी।