बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक शादी समारोह उस वक्त अफरातफरी में बदल गया, जब निकाह में शामिल करीब 30 लोग खाना खाने के बाद अचानक बीमार पड़ गए। सभी को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज किया गया।
खाना खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
घटना देवा क्षेत्र के लालापुर गांव की है, जहां मोहम्मद मुहीद की पुत्री सलमा का शनिवार को निकाह था। बारात निंदूरा ब्लॉक के खिंझना गांव से आई थी। दोपहर करीब दो बजे मेहमानों ने खाना खाया, लेकिन शाम होते-होते लालापुर वार्ड के कई लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। लोगों को उल्टी और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
एक-एक कर अस्पताल पहुंचे लोग
स्थिति बिगड़ने पर प्रभावित लोगों को इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया। रात करीब नौ बजे तक शारिक, सफात, शानवारिस, जाकिर, फिजा और मोहम्मद कामिल समेत कुल 30 लोग अस्पताल पहुंच चुके थे। सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया।
डॉक्टर बोले- हालत नियंत्रण में
सीएचसी के डॉ. संजीव कुमार के मुताबिक सभी मरीजों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और घबराने की बात नहीं है। समय रहते इलाज मिलने से स्थिति संभाल ली गई।
जांच के आदेश, खाने पर उठे सवाल
घटना की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ अवधेश कुमार ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। मौके पर पहुंचे सीओ संगम कुमार ने भी स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि खाने में इस्तेमाल किया गया खोया खराब हो सकता है, जिससे यह स्थिति उत्पन्न हुई।