योगी सरकार का बड़ा प्रशासनिक एक्शन, 9 IAS अधिकारियों के तबादले से कई विभागों में बदलाव

0 73

उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए योगी सरकार ने 9 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। जारी आदेश के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां देने के साथ-साथ अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं। इस बदलाव को शासन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

राज्य सरकार की ओर से जारी सूची के मुताबिक, प्रमुख सचिव स्तर से लेकर प्रतीक्षारत अधिकारियों तक में बदलाव किया गया है, जिससे विभिन्न विभागों में कार्य संचालन में नई गति आने की उम्मीद है।

इन वरिष्ठ अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

एस.एम. देवराज, जो वर्तमान में नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग में प्रमुख सचिव हैं, उन्हें उनके मौजूदा पद के साथ उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

अनुराग यादव को आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग से हटाकर समाज कल्याण एवं सैनिक कल्याण विभाग का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है।

आलोक कुमार-III, जो नियोजन तथा कार्यक्रम कार्यान्वयन विभाग में प्रमुख सचिव हैं, उन्हें मौजूदा जिम्मेदारियों के साथ आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। साथ ही वे वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी और जीरो पावर्टी मिशन के नोडल अधिकारी भी बने रहेंगे।

ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में भी बदलाव

सौरभ बाबू, प्रमुख सचिव ग्राम्य विकास एवं ग्रामीण अभियंत्रण सेवा विभाग, को उनके वर्तमान पद के साथ दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्राम्य विकास संस्थान के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

रवि रंजन, जो अब तक यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन और यूपी एग्रो के प्रबंध निदेशक थे, उन्हें विशेष सचिव, चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग बनाया गया है।

टी.के. शिबु, विशेष सचिव कृषि उत्पादन आयुक्त शाखा, को उनके वर्तमान पद के साथ यूपी एग्रो का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।

प्रतीक्षारत अधिकारियों को भी मिली तैनाती

प्रतीक्षारत चल रहे आईएएस अधिकारी हिमांशु कौशिक को यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

वहीं सौम्या गुरूरानी को नगर निगम शाहजहांपुर का नगर आयुक्त बनाया गया है।

इसके अलावा, शाहजहांपुर के नगर आयुक्त रहे डॉ. बिपिन कुमार मिश्रा को अपर प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम के पद पर तैनात किया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.