मौसम का बड़ा अपडेट: यूपी-बिहार से राजस्थान तक बदलेगा मिजाज, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

0 284

नई दिल्ली: देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। कई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभों के असर से आने वाले दिनों में उत्तर भारत समेत कई राज्यों में तेज बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने 31 मार्च से 5 अप्रैल के बीच बारिश, गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि को लेकर अलर्ट जारी किया है। वहीं तापमान में भी 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक उतार-चढ़ाव की संभावना जताई गई है।

इन राज्यों में बारिश के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में 31 मार्च को तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। अरुणाचल प्रदेश में 31 मार्च और 1 अप्रैल को भारी बारिश के आसार हैं। वहीं असम, मेघालय और त्रिपुरा में 31 मार्च को तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

उत्तर-पश्चिम भारत में भी बदलेगा मौसम
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 3 से 5 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान में 2 से 4 अप्रैल और पूर्वी राजस्थान में 3 से 4 अप्रैल के बीच बारिश का अनुमान है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 और 5 अप्रैल को बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।

पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 3 और 4 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

मध्य भारत में भी असर, कई जगह गिरेंगे ओले
मध्य भारत के राज्यों में अगले पांच दिनों तक गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। विदर्भ में 31 मार्च और 1 अप्रैल को और छत्तीसगढ़ में 1 अप्रैल को ओलावृष्टि हो सकती है। इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना है।

दिल्ली में बादल, हल्की बारिश के आसार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को आसमान बादलों से ढका रहेगा। दोपहर से शाम के बीच हल्की बारिश हो सकती है। तापमान की बात करें तो अधिकतम 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 18 से 20 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। राजधानी में न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहेगा।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.