नई दिल्ली: बिहार लोक सेवा आयोग ने सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी भर्ती परीक्षा को लेकर अहम अपडेट जारी किया है। आयोग के अनुसार, बीपीएससी एईडीओ परीक्षा 2026 के लिए एडमिट कार्ड 3 अप्रैल को जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना ई-एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।
यह भर्ती अभियान कुल 935 पदों को भरने के लिए आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
इन तारीखों में होगी परीक्षा
विज्ञापन संख्या 87/2025 के अंतर्गत सहायक शिक्षा विकास अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा का आयोजन 14, 15, 17, 18, 20 और 21 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। परीक्षा राज्य के विभिन्न जिलों में निर्धारित केंद्रों पर आयोजित होगी।
कैसे डाउनलोड करें एडमिट कार्ड
उम्मीदवारों को एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए आयोग की वेबसाइट पर लॉग इन करना होगा। इसके बाद ‘My Account’ सेक्शन में जाकर संबंधित विज्ञापन के सामने दिए गए ‘View’ विकल्प पर क्लिक करना होगा। एडमिट कार्ड में परीक्षा के लिए आवंटित जिले की जानकारी दी गई होगी।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड की अतिरिक्त प्रति अपने साथ परीक्षा केंद्र पर लेकर जाएं और परीक्षा के दौरान निरीक्षक की उपस्थिति में उस पर हस्ताक्षर कर उसे जमा करें।
परीक्षा से जुड़े जरूरी निर्देश
एडमिट कार्ड डाउनलोड करते समय यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि उस पर रोल नंबर के साथ बारकोड स्पष्ट रूप से छपा हो। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से ढाई घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा।
साथ ही परीक्षा शुरू होने से केवल एक घंटा पहले तक ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि एडमिट कार्ड डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे।