महाफ्लॉप फिल्म के बावजूद चमका नाम, राजा रवि वर्मा की पेंटिंग 167 करोड़ में बिकी, बना वर्ल्ड रिकॉर्ड

0 84

भारतीय कला जगत से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां मशहूर चित्रकार राजा रवि वर्मा की एक पेंटिंग ने नीलामी में इतिहास रच दिया। ‘यशोदा और कृष्ण’ नामक यह कलाकृति 167.20 करोड़ रुपये में बिकी है, जो किसी भी भारतीय पेंटिंग के लिए अब तक की सबसे ऊंची कीमत मानी जा रही है।

नीलामी में बना नया कीर्तिमान
भारतीय आधुनिक कला के जनक कहे जाने वाले राजा रवि वर्मा की यह तेल चित्रकला 1 अप्रैल को सैफ्रॉनआर्ट नीलामी घर में नीलाम हुई। खरीदार के प्रीमियम सहित इसकी कुल कीमत 167.20 करोड़ रुपये पहुंची। यह न केवल कलाकार के लिए, बल्कि वैश्विक स्तर पर किसी भी भारतीय कलाकार की पेंटिंग के लिए सबसे महंगी बिक्री का नया रिकॉर्ड बन गया है।

पुराना रिकॉर्ड भी टूटा
इस पेंटिंग ने पिछले साल बने रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। इससे पहले एमएफ हुसैन की एक पेंटिंग ‘अनटाइटल्ड (बनारस)’ 15.60 करोड़ रुपये में बिकी थी, जो उस समय तक सबसे महंगी भारतीय कलाकृति थी। अब ‘यशोदा और कृष्ण’ ने उस रिकॉर्ड को कई गुना पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया है।

क्या है इस पेंटिंग की खासियत
बताया जाता है कि राजा रवि वर्मा ने यह पेंटिंग 1890 के दशक में अपने करियर के शिखर पर बनाई थी। इस कलाकृति में मां यशोदा और बाल कृष्ण के माध्यम से मातृत्व के सार्वभौमिक भाव को बेहद जीवंत तरीके से दर्शाया गया है। भारतीय संस्कृति और भक्ति भावना से जुड़ी यह पेंटिंग उनकी उत्कृष्ट कृतियों में गिनी जाती है।

फिल्म को नहीं मिली थी सफलता
दिलचस्प बात यह है कि राजा रवि वर्मा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘रंग रसिया’ बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई थी। साल 2008 में आई इस फिल्म का निर्देशन केतन मेहता ने किया था, जिसमें रणदीप हुड्डा और नंदना सेन मुख्य भूमिकाओं में थे। फिल्म ने करीब 6 करोड़ रुपये की कमाई की थी और इसे दर्शकों का खास समर्थन नहीं मिला।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.