गर्मियों में बिजली आपूर्ति पर सख्ती: ट्रिपिंग हुई तो अधिकारियों पर कार्रवाई, UPPCL ने जारी किए कड़े निर्देश

0 112

लखनऊ में गर्मियों के मद्देनजर बिजली व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन ने सख्त रुख अपनाया है। कारपोरेशन अध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार गोयल ने साफ निर्देश दिए हैं कि आने वाले दिनों में बिजली आपूर्ति में किसी भी तरह की ट्रिपिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ट्रिपिंग पर सीधे जिम्मेदारी तय होगी
समीक्षा बैठक के दौरान स्पष्ट किया गया कि यदि ट्रांसमिशन लाइनों में ट्रिपिंग के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होती है, तो संबंधित अधीक्षण अभियंता और मुख्य अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि लापरवाही किसी भी हाल में स्वीकार नहीं होगी।

समय से पूरे हों सभी अनुरक्षण कार्य
शक्ति भवन में आयोजित बैठक में निर्देश दिए गए कि पारेषण से जुड़े सभी कार्य तय समय सीमा के भीतर पूरे किए जाएं। विशेष रूप से ट्रांसफार्मर और लाइनों की स्थिति की जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी उपकरण पूरी तरह दुरुस्त हैं और आवश्यक अनुरक्षण कार्य समय पर पूरे हो चुके हैं।

इन शहरों की तैयारियों की ली गई जानकारी
नोएडा, आगरा, प्रयागराज और झांसी के मुख्य अभियंताओं से तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। उन्हें निर्देश दिए गए कि गर्मी से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएं, ताकि बिजली आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए।

ज्यादा ट्रिपिंग वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर
नोएडा क्षेत्र को लेकर विशेष निर्देश दिए गए हैं। डिवीजन और जोन स्तर पर ट्रिपिंग के आंकड़ों का विश्लेषण कर उन क्षेत्रों की पहचान करने को कहा गया है, जहां बार-बार समस्या सामने आ रही है। ऐसे मामलों में संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

फायर सेफ्टी और उपकरणों की जांच के आदेश
अध्यक्ष ने फायर फाइटिंग की मॉक ड्रिल कराने, उपकेंद्रों और ट्रांसफार्मरों की स्थिति की गहन जांच करने तथा उनकी उम्र का विश्लेषण करने के भी निर्देश दिए। साथ ही ट्रांसमिशन और वितरण विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के लिए तय की गई तारीखें
मुख्यालय स्तर के अधिकारियों को 11, 12, 13 और 14 अप्रैल को उपकेंद्रों में किए गए अनुरक्षण कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जमीनी स्तर पर तैयारियों की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.