नोएडा श्रमिक विवाद पर सख्त हुए सीएम योगी, बोले- अधिकार, गरिमा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं; भड़काने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई

0 112

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में श्रमिकों के हंगामे के बाद सख्त रुख अपनाते हुए साफ कर दिया है कि मजदूरों के अधिकार, गरिमा और सामाजिक सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए औद्योगिक स्थिति की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रमिकों को सम्मानजनक कार्य वातावरण, समय पर पूरा वेतन और सभी वैधानिक सुविधाएं देने पर जोर दिया।

गैर-श्रमिक तत्वों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश

गौतमबुद्ध नगर में हुए घटनाक्रम का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जो लोग वास्तविक श्रमिक नहीं हैं और औद्योगिक अशांति फैलाने में शामिल हैं, उनकी पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने ऐसे तत्वों का पर्दाफाश करने और जरूरत पड़ने पर उनकी तस्वीरें सार्वजनिक स्थानों पर लगाने के निर्देश भी दिए। मजदूरों को भड़काने, अफवाह फैलाने या गलत जानकारी प्रसारित करने वालों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति अपनाने को कहा गया है।

सोशल मीडिया पर नजर, अफवाह फैलाने वालों पर शिकंजा

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गलत जानकारी या भ्रामक प्रचार फैलाने वालों के खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए। यह निर्देश नोएडा में हाल ही में हुए बड़े प्रदर्शन के बाद दिए गए हैं, जहां स्थिति को लेकर कई तरह की सूचनाएं सामने आई थीं।

मैनपावर एजेंसियों की होगी गहन जांच

सीएम योगी ने श्रमिकों के शोषण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए राज्यभर में मैनपावर सप्लाई एजेंसियों की व्यापक जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की वास्तविक संख्या, कंपनियों से मिलने वाला भुगतान, मजदूरी, ईएसआई, बीमा और अन्य लाभों की पूरी जांच की जाए। साथ ही सभी औद्योगिक इकाइयों में प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र स्थापित करने को अनिवार्य बताया, ताकि शिकायतों का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान हो सके।

कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएं और आवास पर जोर

मुख्यमंत्री ने औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण भोजन व्यवस्था, सुरक्षित कार्यस्थल और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर जोर दिया। साथ ही विकास प्राधिकरणों को निर्देश दिया कि वे श्रमिकों के लिए छात्रावास और किफायती आवास योजनाएं तैयार करें, ताकि उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके।

बीमा, शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान

सीएम योगी ने बैंकों के साथ तालमेल बढ़ाकर श्रमिकों को बीमा कवरेज उपलब्ध कराने की बात कही। उन्होंने श्रमिकों के बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और मेडिकल बीमा पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उद्यमियों और औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधन के साथ नियमित संवाद बनाए रखने को कहा गया, ताकि समस्याओं का समय रहते समाधान हो सके।

1 अप्रैल से बढ़ा वेतन हर हाल में लागू हो

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि हालिया वेतन वृद्धि से श्रमिक संतुष्ट हैं और नोएडा में हालात सामान्य हो चुके हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि 1 अप्रैल से लागू संशोधित वेतन सभी श्रमिकों को हर हाल में दिया जाए और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही न हो।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.