नोएडा में घरेलू सहायिकाओं का प्रदर्शन तेज, वेतन बढ़ोतरी और कामकाजी शर्तों को लेकर सड़कों पर उतरीं; कई सोसाइटियों में कामकाज प्रभावित

0 31

नोएडा में औद्योगिक क्षेत्र के कर्मचारियों के बाद अब हाउसिंग सोसाइटियों में काम करने वाली घरेलू सहायिकाओं ने भी आंदोलन का रुख अख्तियार कर लिया है। वेतन वृद्धि और कामकाजी शर्तों में सुधार की मांग को लेकर बुधवार को सेक्टर-137 में बड़ी संख्या में सहायिकाएं सड़कों पर उतर आईं। इस विरोध प्रदर्शन के चलते कई सोसाइटियों में घरेलू कामकाज ठप रहा, जिससे निवासियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सेक्टर-137 में जुटीं सहायिकाएं, कई सोसाइटियों के बाहर प्रदर्शन

मंगलवार को सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन और सेक्टर-121 स्थित क्लियो काउंटी सोसाइटी के बाहर प्रदर्शन के बाद आंदोलन का दायरा बढ़ता नजर आया। बुधवार को सेक्टर-137 स्थित पूर्वांचल सोसाइटी, इकोसिटी सोसाइटी समेत आसपास की कई हाउसिंग सोसाइटियों के बाहर घरेलू सहायिकाओं ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में मौजूद सहायिकाओं ने अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की और बेहतर वेतन की मांग दोहराई।

वेतन, काम के घंटे और नियमों को लेकर नाराजगी

प्रदर्शन कर रहीं सहायिकाओं का कहना है कि उन्हें उनके काम के मुताबिक उचित वेतन नहीं दिया जा रहा है। कई स्थानों पर काम के घंटे तय नहीं हैं, जिससे उन्हें अतिरिक्त दबाव झेलना पड़ता है। इसके अलावा सोसाइटी के कड़े नियमों को लेकर भी नाराजगी सामने आई है। प्रवेश-निकास पर पाबंदियां, पहचान पत्र की अनिवार्यता और लिफ्ट इस्तेमाल पर रोक जैसी व्यवस्थाओं को उन्होंने असुविधाजनक बताया। कुछ सहायिकाओं ने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ कई जगह सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया जाता।

सोसाइटी प्रबंधन ने सुरक्षा कारणों का दिया हवाला

वहीं, सोसाइटी प्रबंधन का कहना है कि सभी नियम सुरक्षा के लिहाज से बनाए गए हैं और कर्मचारियों की पहचान सुनिश्चित करना जरूरी है। प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया कि वे स्थिति को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने के पक्ष में हैं और सहायिकाओं की समस्याओं पर बातचीत के लिए तैयार हैं।

हिंसक प्रदर्शन के मामले में 600 अज्ञात पर केस दर्ज

इस बीच, सेक्टर-58 में सोमवार को हुए हिंसक प्रदर्शन के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। कंपनी में तोड़फोड़ और आगजनी के आरोप में करीब 600 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। कंपनी प्रतिनिधि के अनुसार, 13 अप्रैल को बड़ी संख्या में लोग कंपनी परिसर में घुस आए और तोड़फोड़ करते हुए 50 से अधिक शीशे तोड़ दिए। साथ ही सुरक्षा कक्ष में आगजनी की घटना भी हुई, जिससे कर्मचारियों में दहशत फैल गई।

पुलिस जांच में जुटी, CCTV फुटेज खंगाले जा रहे

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हल्का बल प्रयोग कर स्थिति को नियंत्रण में लिया। दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.