लोकसभा में कंगना रनौत का फिल्मी अंदाज, महिला आरक्षण बिल पर चर्चा के दौरान ‘DDLJ’ डायलॉग से दिया सशक्त संदेश

0 27

 

नई दिल्ली: महिला आरक्षण से जुड़े अहम विधेयकों पर लोकसभा में जारी बहस के दौरान भाजपा सांसद कंगना रनौत ने अपने खास अंदाज में सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की जमकर सराहना करते हुए उन्हें “सबसे बड़ा नारीवादी” बताया और महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर सरकार के प्रयासों को ऐतिहासिक करार दिया।

चर्चा के दौरान कंगना रनौत ने बॉलीवुड फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ के मशहूर डायलॉग का जिक्र करते हुए सदन में कहा, “सरकार ने देश की बेटियों और महिलाओं से कहा है—सारे पिंजरे टूट गए, सारी दीवारें टूट गईं, जा जी ले अपनी जिंदगी।” उनके इस बयान ने सदन का ध्यान खींचा और बहस के बीच एक अलग रंग देखने को मिला।

महिला आरक्षण विधेयकों पर रखी सरकार की मजबूती से बात

कंगना रनौत संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026, परिसीमन विधेयक 2026 और संघ राज्य विधि (संशोधन) विधेयक 2026 पर चर्चा के दौरान बोल रही थीं। उन्होंने विपक्ष, खासकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को लंबे समय तक टालते रहे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अब सरकार तेजी से फैसले ले रही है, तो विपक्ष इसे लेकर सवाल क्यों खड़ा कर रहा है।

हिमाचल का उदाहरण देकर बताई महिलाओं की कम भागीदारी

हिमाचल प्रदेश के मंडी से सांसद कंगना रनौत ने कहा कि देश में राजनीति को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं, लेकिन राजनीतिक प्रतिनिधित्व अब भी सीमित है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों में से केवल एक महिला विधायक है। उन्होंने यह भी कहा कि कई राज्यों में महिला विधायकों की संख्या 8 से 9 प्रतिशत के आसपास ही है, जो चिंता का विषय है।

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को बताया निर्णायक

कंगना रनौत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए तेजी से काम कर रहे हैं और जो काम दशकों तक नहीं हो सका, वह उनके नेतृत्व में संभव हुआ है। उन्होंने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में लोकतंत्र सुरक्षित है और महिलाओं के अधिकारों को प्राथमिकता दी जा रही है।

विपक्ष पर तीखा हमला, पुराने बयानों का किया जिक्र

अपने संबोधन में कंगना ने कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कुछ नेताओं के पुराने बयानों का हवाला देते हुए कहा कि इससे महिलाओं के प्रति उनकी सोच उजागर होती है। उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि देश में जब भी कोई सकारात्मक कदम उठाया जाता है, तो विपक्ष असहज हो जाता है। इसी क्रम में उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “कुछ अच्छा होता है तो कांग्रेस के पेट में चूहे दौड़ने लगते हैं।”

कंगना रनौत ने यह भी बताया कि जब उन्होंने राजनीति में कदम रखा था, तब एक नेता द्वारा उनके पोस्टर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी, जो राजनीति में महिलाओं के सामने आने वाली चुनौतियों को दर्शाता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.