दिल्ली में PM मोदी से मिले बिहार के नए CM सम्राट चौधरी, साझा की तस्वीर और बताया मुलाकात का मकसद

0 107

नई दिल्ली: बिहार की सियासत में बड़े बदलाव के बाद नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दिल्ली पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात की तस्वीर खुद सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की, जिसमें दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी भरी बातचीत नजर आई।

विकसित भारत और समृद्ध बिहार पर हुई चर्चा

सम्राट चौधरी ने अपने पोस्ट में बताया कि यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी, जिसमें उन्हें प्रधानमंत्री से “विकसित भारत और समृद्ध बिहार” के विजन पर मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का स्नेह और सहयोग बिहार के विकास को नई दिशा और गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

बीजेपी अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं से भी की मुलाकात

दिल्ली दौरे के दौरान सम्राट चौधरी ने नितिन नवीन से भी मुलाकात की, जो भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री और बिहार प्रभारी विनोद तावड़े भी मौजूद रहे। सम्राट ने इस मुलाकात की तस्वीर भी साझा की और इसे संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताया।

सोशल मीडिया पर सक्रिय, बंगाल चुनाव को लेकर भी दिया बयान

सम्राट चौधरी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। हाल ही में उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी, जिसमें उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार, भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और सुरक्षित भविष्य जैसे मुद्दों को उठाया। उन्होंने कहा कि अब समय बदलाव का है और जनता विकास व विश्वास के साथ नए विकल्प की ओर देख रही है।

बिहार में हालिया सियासी बदलाव के बाद बने मुख्यमंत्री

गौरतलब है कि बिहार में हाल ही में बड़ा राजनीतिक परिवर्तन हुआ है। नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर राज्यसभा का रुख किया, जिसके बाद सम्राट चौधरी को राज्य की कमान सौंपी गई। इससे पहले वह डिप्टी सीएम के रूप में कार्यरत थे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.