HCL Tech Share Crash: 24 रुपये डिविडेंड और 4488 करोड़ मुनाफे के बावजूद शेयर में भारी गिरावट, एक्सपर्ट्स ने घटाया टारगेट
आईटी सेक्टर की दिग्गज कंपनी एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयरों में बुधवार को जोरदार गिरावट देखने को मिली। बाजार खुलते ही कंपनी का स्टॉक दबाव में आ गया और इंट्राडे कारोबार के दौरान 9 प्रतिशत से ज्यादा टूटकर 1301.60 रुपये तक पहुंच गया। कंपनी ने मार्च 2026 तिमाही में मुनाफा बढ़ने और डिविडेंड का ऐलान किया, इसके बावजूद निवेशकों की धारणा कमजोर नजर आई।
मुनाफा बढ़ा, फिर भी बाजार ने दिखाया नकारात्मक रुख
एचसीएल टेक्नोलॉजीज का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट मार्च 2026 तिमाही में सालाना आधार पर 4 प्रतिशत बढ़कर 4488 करोड़ रुपये रहा। वहीं कंपनी का रेवेन्यू भी 12.34 प्रतिशत बढ़कर 33,981 करोड़ रुपये पहुंच गया। इसके साथ ही कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रति शेयर 24 रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने की घोषणा की। बावजूद इसके, बाजार ने इन नतीजों को उम्मीद से कमजोर माना।
एक ही दिन में करीब 140 रुपये तक फिसला शेयर
मंगलवार को 1441.55 रुपये पर बंद हुआ एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर बुधवार को इंट्राडे में करीब 140 रुपये गिरकर 1301.60 रुपये तक आ गया। इस तेज गिरावट ने निवेशकों को चौंका दिया है और आईटी सेक्टर में दबाव को भी उजागर किया है।
ब्रोकरेज हाउस ने घटाई रेटिंग और टारगेट प्राइस
कमजोर तिमाही नतीजों के बाद कई ब्रोकरेज हाउस ने कंपनी के स्टॉक पर अपना नजरिया बदला है। इनक्रेड ने शेयर को डाउनग्रेड कर ‘रिड्यूस’ रेटिंग दी है और टारगेट प्राइस घटाकर 1275 रुपये कर दिया है, जो पहले 1616 रुपये था। वहीं नुवामा ने भी रेटिंग घटाकर ‘होल्ड’ कर दी है और लक्ष्य मूल्य 1550 रुपये से घटाकर 1400 रुपये कर दिया है।
विदेशी ब्रोकरेज भी सतर्क, टारगेट में कटौती
विदेशी ब्रोकरेज हाउस भी इस स्टॉक को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं। एचएसबीसी ने ‘होल्ड’ रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट प्राइस 1560 रुपये से घटाकर 1480 रुपये कर दिया है। जेपी मॉर्गन ने ‘न्यूट्रल’ रेटिंग के साथ लक्ष्य 1370 रुपये तय किया है, जबकि नोमुरा ने ‘बाय’ रेटिंग बरकरार रखते हुए टारगेट 1700 रुपये से घटाकर 1600 रुपये कर दिया है।
इस साल अब तक 20% से ज्यादा टूट चुका शेयर
एचसीएल टेक्नोलॉजीज के शेयरों में इस साल अब तक 20 प्रतिशत से ज्यादा गिरावट दर्ज की जा चुकी है। वहीं पिछले छह महीनों में भी स्टॉक करीब 15 प्रतिशत कमजोर हुआ है। ऐसे में निवेशकों के लिए यह स्टॉक फिलहाल दबाव में बना हुआ है।