गौतम बुद्ध नगर में हीट वेव को लेकर प्रशासन सतर्क, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने जारी की विस्तृत एडवाइजरी
गौतम बुद्ध नगर, 23 अप्रैल 2026: जिले में बढ़ते तापमान और लू की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि गर्म हवाओं और लू से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतें और किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
लू और हीट वेव से बचाव के लिए प्रशासन की अपील
जिलाधिकारी ने कहा है कि अत्यधिक तापमान में लंबे समय तक बाहर रहने या गर्म हवाओं के संपर्क में आने से लू लगने का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खुद का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि अस्पतालों, मॉल्स, विद्यालयों सहित सभी सार्वजनिक स्थानों पर अग्नि सुरक्षा उपकरण और फायर सिस्टम पूरी तरह क्रियाशील रहें।

जिला आपदा प्रबंधन ने जारी की एडवाइजरी
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार के मार्गदर्शन में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा हीट वेव और लू से बचाव के लिए विस्तृत एडवाइजरी जारी की गई है। जिला आपदा विशेषज्ञ ओमकार चतुर्वेदी ने बताया कि नागरिकों को हीट वेव के दौरान विशेष सावधानियां अपनानी चाहिए।
क्या करें (Do’s)
एडवाइजरी में लोगों को पर्याप्त पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने, धूप में बाहर निकलते समय चश्मा, टोपी और छाते का उपयोग करने की सलाह दी गई है। साथ ही बाहर काम करने वाले लोगों को सिर और शरीर ढककर रखने, ओआरएस, नींबू पानी, लस्सी और छाछ जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी गई है। हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने को कहा गया है।
क्या न करें (Don’ts)
प्रशासन ने दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में बाहर निकलने से बचने की सख्त सलाह दी है। बच्चों और जानवरों को बंद वाहनों में छोड़ने, भारी और तंग कपड़े पहनने, अधिक प्रोटीन या बासी भोजन का सेवन करने और अत्यधिक गर्मी में श्रमसाध्य कार्य करने से बचने को कहा गया है।

स्वास्थ्य और सुरक्षा पर विशेष जोर
एडवाइजरी में कहा गया है कि गर्भवती महिलाओं, बीमार व्यक्तियों और श्रमिकों पर विशेष ध्यान दिया जाए। घरों को ठंडा रखने, पंखे और गीले कपड़ों का उपयोग करने तथा समय-समय पर स्नान करने की भी सलाह दी गई है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत स्वास्थ्य सेवाओं से संपर्क करें।