नौएडा प्राधिकरण का बड़ा फैसला: 4800 श्रमिकों को मिलेगा 5 लाख तक का मेडिकल बीमा, एसबीआई जनरल इंश्योरेंस से करार
नवीन ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने अपने यहां कार्यरत श्रमशक्ति आपूर्तित कर्मियों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी द्वारा लगभग 4800 कर्मियों के लिए मेडिकल इंश्योरेंस योजना को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले के तहत इन कर्मियों और उनके आश्रितों को अब बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।
बोर्ड बैठक में मिली थी पहले ही मंजूरी
दरअसल, श्रमशक्ति आपूर्तिकर्ता के माध्यम से कार्यरत कर्मियों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का प्रस्ताव पहले ही 26 अक्टूबर 2024 को आयोजित 215वीं बोर्ड बैठक में संचालक मंडल द्वारा अनुमोदित किया जा चुका था। अब इस निर्णय को लागू करते हुए मेडिकल इंश्योरेंस की व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है।
5 लाख रुपये तक का मिलेगा स्वास्थ्य कवर
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक कर्मी के आश्रित पांच सदस्यों को वार्षिक आधार पर 5 लाख रुपये तक का मेडिकल कवर दिया जाएगा। इस योजना का प्रीमियम श्रमशक्ति आपूर्तिकर्ता एजेंसी के माध्यम से प्रति कर्मी 10,000 रुपये प्रति वर्ष की दर से भुगतान किया जाएगा।
ईएसआई सीमा के कारण बंद हो गई थी सुविधा
नौएडा प्राधिकरण में कार्यरत इन कर्मियों को पहले कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत चिकित्सा सुविधा मिलती थी, लेकिन ईएसआई विभाग द्वारा निर्धारित 21,000 रुपये की सीमा पार होने के बाद ये सभी कर्मचारी इस सुविधा से बाहर हो गए थे। इसके बाद से ही कर्मी लगातार मेडिकल सुविधा बहाल करने की मांग कर रहे थे।

एसबीआई जनरल इंश्योरेंस का चयन, पहले दिन से इलाज की सुविधा
मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी का चयन किया गया है। इस योजना के तहत कर्मियों को बीमा के पहले दिन से ही इलाज की सुविधा मिलेगी, जिसमें गंभीर बीमारियों का उपचार भी शामिल है। इसके अंतर्गत नौएडा और दिल्ली के अधिकांश अस्पतालों में इलाज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
23 अप्रैल 2026 को हुआ एमओयू साइन
इस योजना को लागू करने की दिशा में 23 अप्रैल 2026 को एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी और नौएडा प्राधिकरण तथा श्रम आपूर्तिकर्ताओं के बीच औपचारिक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके साथ ही हजारों कर्मियों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने की दिशा में एक बड़ा कदम पूरा हो गया है।