उत्तर भारत में लू का प्रकोप तेज, कई राज्यों में 44°C के पार पहुंचा पारा; आने वाले महीनों में और बढ़ेगी तपिश

0 41

नई दिल्ली: उत्तर भारत में गर्मी ने समय से पहले ही तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा और आसपास के राज्यों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है, जिससे दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म होती जा रही हैं। भीषण गर्मी और लू के चलते जनजीवन पर असर साफ नजर आने लगा है।

पंजाब के बठिंडा में गुरुवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे हालात बेहद गंभीर हो गए। लोगों को दिन के समय घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।

लू को लेकर अलर्ट, अगले दो दिन सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने कई इलाकों में लू को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिनों तक गर्म हवाओं का असर बना रहने की संभावना जताई गई है। वहीं, हिमाचल प्रदेश के ऊना में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक स्तर है।

दिल्ली-हरियाणा में भीषण गर्मी, रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा तापमान

दिल्ली में गुरुवार को इस सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। यहां अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 41.7 डिग्री सेल्सियस रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग बेहाल नजर आए।

हरियाणा में मरुस्थलीय शुष्क हवाओं के चलते गर्मी और तेज हो गई है। फरीदाबाद में तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस और रोहतक व सिरसा में 43.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे राहत नहीं मिल पा रही।

दो दिन बाद बदल सकता है मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के मुताबिक, 25 से 30 अप्रैल के बीच तीन पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम में कुछ बदलाव आ सकता है। हालांकि तब तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं।

मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी लू जैसे हालात

मध्य प्रदेश के कई शहरों में भी लू का असर देखने को मिला। नर्मदापुरम, खजुराहो और नौगांव में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश के ऊपर सक्रिय प्रेरित चक्रवात के कारण बादल नहीं बन पा रहे, जिससे तापमान बढ़ रहा है।

वहीं राजस्थान की ओर से आ रही गर्म हवाएं स्थिति को और गंभीर बना रही हैं। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है।

बिहार में गर्म और शुष्क मौसम, तापमान 43°C के करीब

बिहार में भी गर्मी का असर तेज है। डेहरी में 43 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा कैमूर, गया, शेखपुरा, सिवान के जीरादेई और छपरा में भी पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया।

मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों तक राज्य में गर्म और शुष्क मौसम बना रहेगा और तापमान में 2 से 3 डिग्री तक और वृद्धि हो सकती है।

उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में गर्मी, पहाड़ों में भी बढ़ा तापमान

उत्तराखंड के मैदानी जिलों में भी तेज धूप के कारण तापमान बढ़ रहा है। पंतनगर में पारा 39.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के मैदानी इलाकों में अगले 3 से 4 दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.