गर्मियों की छुट्टियों में रेल यात्रियों को राहत: 18,262 समर स्पेशल ट्रेनें चलाएगा रेलवे, भीड़ प्रबंधन पर भी खास फोकस

0 27

नई दिल्ली। गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ी तैयारी की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की समीक्षा करते हुए यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण से जुड़े इंतजामों का जायजा लिया।

15 अप्रैल से 15 जुलाई तक चलेगी स्पेशल ट्रेनों की बाढ़

रेल मंत्रालय के अनुसार, इस साल 15 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 के बीच कुल 18,262 समर स्पेशल ट्रेन ट्रिप्स चलाने की योजना है। इनमें से 11,878 ट्रिप्स की घोषणा पहले ही की जा चुकी है, जबकि बाकी सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा।

इन ट्रेनों का मुख्य उद्देश्य त्योहारों और छुट्टियों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को नियंत्रित करना और यात्रियों को कन्फर्म टिकट और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।

देश के बड़े स्टेशनों पर खास तैयारी

नई दिल्ली, मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), पुणे, सूरत (उधना), अहमदाबाद और बेंगलुरु जैसे प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। रेलवे ने इन जगहों पर भीड़ प्रबंधन और यात्री सहायता प्रणाली को मजबूत किया है।

उधना स्टेशन पर रियल टाइम भीड़ प्रबंधन

सूरत के उधना स्टेशन पर पश्चिम रेलवे ने रियल टाइम भीड़ नियंत्रण प्रणाली लागू की है। रेलवे सुरक्षा बल के जवान यात्रियों को ट्रेनों में व्यवस्थित तरीके से चढ़ने में मदद कर रहे हैं, ताकि भीड़ के बावजूद सुरक्षा और व्यवस्था बनी रहे।

कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़े गए

रेलवे ने बढ़ती मांग को देखते हुए कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाने का फैसला किया है—

लालगढ़–दिल्ली सराय–लालगढ़ ट्रेन में एक 3rd AC और एक स्लीपर कोच जोड़ा गया है, जो 2 जून 2026 तक रहेगा।
जयपुर–जोधपुर ट्रेन में एक First-cum-Second AC और एक 3rd AC कोच की व्यवस्था 1 मई से 31 मई 2026 तक की गई है।
इंदौर–भगत की कोठी ट्रेन में 2 स्लीपर और 3 जनरल कोच जोड़े गए हैं।
जोधपुर–वाराणसी सिटी ट्रेन में भी 1 थर्ड AC कोच की अस्थायी बढ़ोतरी की गई है।

यात्रियों को मिलेगा राहतभरा सफर

रेलवे का कहना है कि इन विशेष ट्रेनों और अतिरिक्त कोचों से यात्रियों को न सिर्फ कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी, बल्कि भीड़भाड़ वाले रूटों पर यात्रा भी अधिक सुगम और सुरक्षित होगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.