बिहार के सोनपुर में गंडक नदी में डूबे एक ही परिवार के चार लोग, तीन शव बरामद, एक की तलाश जारी

0 30

बिहार के सोनपुर में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब एक ही परिवार के चार सदस्य गंडक नदी में डूब गए। हादसे में अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति अभी भी लापता है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

नदी में नहाने के दौरान हुआ हादसा
पूरा मामला सोनपुर थाना क्षेत्र के बैजलपुर जगदंबा स्थान के पास का है, जहां चौठारी रस्म के तहत परिवार के लोग गंडक नदी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान एक ही परिवार के दो महिलाओं समेत चार लोग नदी की तेज धारा में बह गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दो महिलाओं को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

तीन की मौत की पुष्टि, एक व्यक्ति अब भी लापता
मृतकों की पहचान बैजलपुर निवासी जनार्दन सिंह की 42 वर्षीय पत्नी बबीता देवी और पटना जिले के बख्तियारपुर निवासी रवि कुमार की 40 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार इस हादसे में अब तक तीन लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि एक व्यक्ति की तलाश जारी है।

घटना के बाद गांव में मातम, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल
हादसे की खबर जैसे ही परिवार और गांव तक पहुंची, शादी की खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल पसरा हुआ है।

एसडीआरएफ और पुलिस का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गंडक नदी में तलाशी अभियान शुरू किया गया। टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है ताकि लापता व्यक्ति का पता लगाया जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.