सस्ता, हल्का और लंबी रेंज वाला नया इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च, 10 साल तक बैटरी चलने का दावा, मिडिल क्लास के लिए बड़ा विकल्प

0 28

भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती मांग के बीच हल्के और आसान स्कूटर की जरूरत को देखते हुए ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने अपने एम्पीयर ब्रांड के तहत नया Magnus Neo इलेक्ट्रिक स्कूटर लॉन्च किया है। कंपनी ने इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 86,999 रुपये तय की है, जिससे यह खासतौर पर मध्यम वर्ग के ग्राहकों के लिए आकर्षक विकल्प बनकर सामने आया है।

शहर की जरूरतों के हिसाब से डिजाइन
नया Ampere Magnus Neo खासतौर पर शहरी ट्रैफिक और रोजमर्रा के इस्तेमाल को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। स्कूटर का वजन करीब 103 किलोग्राम है, जिससे इसे चलाना और भीड़भाड़ वाले रास्तों में नियंत्रित करना आसान हो जाता है। इसकी सीट हाइट 777 मिमी रखी गई है, जिससे कम कद वाले राइडर्स भी इसे आराम से चला सकते हैं। वहीं 158 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस खराब सड़कों पर भी बेहतर संतुलन और स्मूद राइड देता है।

स्टाइलिश लुक और आधुनिक फीचर्स
कंपनी ने इस स्कूटर को Mystic Mauve, Butter Yellow, Ocean Blue और Matcha Green जैसे चार आकर्षक रंगों में पेश किया है। फीचर्स की बात करें तो इसमें एलईडी डीआरएल, ऑल-एलईडी लाइटिंग सिस्टम, डिजिटल कंसोल, यूएसबी चार्जिंग पोर्ट, साइड स्टैंड अलार्म, मल्टीपल राइडिंग मोड्स, 10 इंच का रियर टायर और बेहतर ब्रेकिंग सिस्टम जैसे आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं, जो इसे अपने सेगमेंट में प्रतिस्पर्धी बनाते हैं।

दमदार बैटरी और 95 किमी तक रेंज
Ampere Magnus Neo की सबसे बड़ी खासियत इसकी 2.3 kWh की एलएफपी बैटरी है, जिसे सामान्य बैटरियों की तुलना में अधिक टिकाऊ बताया जा रहा है। कंपनी के अनुसार यह स्कूटर एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 95 किलोमीटर तक चल सकता है। इसकी टॉप स्पीड 65 किलोमीटर प्रति घंटा है, जो शहर में रोजाना के इस्तेमाल के लिए पर्याप्त मानी जाती है।

हर मौसम में भरोसेमंद परफॉर्मेंस का दावा
कंपनी का कहना है कि इस स्कूटर की बैटरी को -40 डिग्री से लेकर 60 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में परीक्षण किया गया है, जिससे यह भारत के अलग-अलग मौसम में बेहतर प्रदर्शन करने में सक्षम है। बैटरी लाइफ को लेकर कंपनी ने करीब 10 साल तक चलने का दावा भी किया है।

परिवार के लिए आसान और किफायती विकल्प
कंपनी के अनुसार यह स्कूटर आरामदायक और आसान राइडिंग अनुभव देने के लिए तैयार किया गया है। कम कीमत, कम मेंटेनेंस और पेट्रोल के बढ़ते खर्च से राहत जैसे कारणों से यह मिडिल क्लास परिवारों के लिए एक मजबूत विकल्प बनकर उभर रहा है। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए इसकी हल्की बॉडी और आसान हैंडलिंग इसे और उपयोगी बनाती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.