वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में डिनर के दौरान फायरिंग, ट्रंप बाल-बाल बचे, सीक्रेट सर्विस ने सुरक्षा घेरे में लिया

0 32

ईरान के साथ बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उस समय बड़ी सुरक्षा घटना से बाल-बाल बच गए, जब वॉशिंगटन डीसी के हिल्टन होटल में डिनर के दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई। घटना के तुरंत बाद सीक्रेट सर्विस ने तेजी दिखाते हुए राष्ट्रपति को सुरक्षा घेरे में लिया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

डिनर कार्यक्रम में मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार यह घटना व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई, जब करीब 2,600 लोग कार्यक्रम में मौजूद थे। उसी दौरान एक बंदूकधारी ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पूरे हॉल में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए टेबल के नीचे छिप गए।

हमलावर काबू में, जवाबी कार्रवाई में रोकी गई घटना

सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हमलावर को मौके पर ही काबू में कर लिया। बताया जा रहा है कि सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई भी की, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

ट्रंप, उपराष्ट्रपति और कैबिनेट सदस्य भी थे मौजूद

घटना के समय राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ डिनर में मौजूद थे। उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और ट्रंप कैबिनेट के कई सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल थे, जिन्हें भी तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया।

पहली बार राष्ट्रपति के रूप में शामिल हुए थे ट्रंप

बताया जा रहा है कि डोनाल्ड ट्रंप बतौर राष्ट्रपति पहली बार इस प्रतिष्ठित डिनर कार्यक्रम में शामिल हुए थे। घटना के समय जैसे ही फायरिंग शुरू हुई, सुरक्षा एजेंसियों ने उन्हें मंच से सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

ट्रंप का बयान, सुरक्षा एजेंसियों की तारीफ

घटना के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट करते हुए कहा कि सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने तेजी और बहादुरी से काम किया। उन्होंने बताया कि शूटर को पकड़ लिया गया है और स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया है। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि कार्यक्रम को आगे जारी रखने पर विचार किया जा रहा है, लेकिन अंतिम फैसला सुरक्षा एजेंसियों पर निर्भर करेगा।

वीडियो में दिखी अफरा-तफरी की तस्वीरें

इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि फायरिंग के दौरान ट्रंप मंच पर मौजूद थे और अचानक स्थिति बिगड़ते ही सुरक्षाकर्मी उन्हें घेर लेते हैं। वहीं हॉल में मौजूद लोग अपनी सुरक्षा के लिए टेबल के नीचे छिप जाते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.