IPL 2026: CSK से करारी हार के बाद टूटे हार्दिक पांड्या, बोले- “सिर्फ ये मैच नहीं, पूरा सीजन ही हमारा नहीं रहा”
पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस के लिए IPL 2026 का सीजन अब तक बेहद निराशाजनक साबित हुआ है। टीम लगातार खराब प्रदर्शन से जूझ रही है और प्लेऑफ की दौड़ से लगभग बाहर नजर आ रही है। चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मिली एकतरफा हार के बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने भी टीम के प्रदर्शन को लेकर बड़ी बात कही है।
2 मई को खेले गए मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 8 विकेट से हराकर सीजन में दूसरी बार मात दी। इस हार के बाद हार्दिक पांड्या ने माना कि यह सिर्फ एक खराब दिन नहीं, बल्कि पूरा सीजन ही टीम के पक्ष में नहीं गया।
“पूरा सीजन ही हमारा नहीं रहा”
पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन के दौरान हार्दिक पांड्या ने कहा, “मुझे लगता है कि सिर्फ आज का दिन नहीं, बल्कि पूरा सीजन ही हमारा नहीं रहा। चेन्नई सुपर किंग्स हर विभाग में हमसे बेहतर रही। चाहे बल्लेबाजी हो, गेंदबाजी या फील्डिंग, उन्होंने हमसे ज्यादा अच्छा प्रदर्शन किया।”
हार्दिक ने कहा कि मुंबई इंडियंस की टीम एक समय बड़े स्कोर की ओर बढ़ती दिख रही थी, लेकिन बीच के ओवरों में लय टूट गई।
उन्होंने कहा, “ऐसा लग रहा था कि हम 180 या 190 रन तक पहुंच सकते हैं, लेकिन 10 ओवर के बाद हम अपनी गति बरकरार नहीं रख सके। इसी वजह से हम अपनी पारी को अच्छी तरह फिनिश नहीं कर पाए।”
पिच को बेहतर तरीके से समझी CSK
मुंबई इंडियंस के कप्तान ने मैच की पिच को लेकर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने माना कि बल्लेबाजों को शुरुआत में धैर्य के साथ खेलना जरूरी था और चेन्नई के बल्लेबाजों ने परिस्थितियों को बेहतर तरीके से समझा।
हार्दिक पांड्या ने कहा, “इस पिच पर शुरुआत में बड़े शॉट खेलना आसान नहीं था। बल्लेबाजों को समझदारी से अपनी पारी आगे बढ़ानी थी। विकेट लेने के लिए हमने अलग-अलग तरह की गेंदबाजी की कोशिश की, लेकिन CSK ने पिच के अनुसार काफी समझदारी से बल्लेबाजी की।”
159 रन ही बना सकी मुंबई इंडियंस
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस की टीम 159 रन तक ही पहुंच सकी। टीम की बल्लेबाजी एक बार फिर अपेक्षाओं पर खरी नहीं उतर पाई।
इसके जवाब में चेन्नई सुपर किंग्स ने 18.1 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। CSK की ओर से कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने 67 रन की शानदार पारी खेली, जबकि कार्तिक शर्मा ने नाबाद 54 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
प्लेऑफ की राह हुई बेहद मुश्किल
मुंबई इंडियंस ने इस सीजन अब तक 9 मुकाबले खेले हैं, जिसमें टीम को 7 मैचों में हार मिली है और सिर्फ 2 मुकाबलों में जीत हासिल हुई है। 4 अंकों के साथ टीम फिलहाल अंक तालिका में 9वें स्थान पर है। ऐसे में अब प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदें बेहद कमजोर नजर आ रही हैं।