‘बच्चों को हर हाल में स्कूल भेजिए’, जनता दर्शन में अभिभावकों से बोले CM योगी; युवाओं को भी दिया बड़ा संदेश

0 22

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री का संवेदनशील और प्रेरणादायक अंदाज भी देखने को मिला। कार्यक्रम में मौजूद बच्चों और उनके माता-पिता से बातचीत करते हुए सीएम योगी ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और अभिभावकों से अपील की कि वे हर हाल में बच्चों को स्कूल जरूर भेजें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षित बच्चा ही मजबूत और समृद्ध भारत की नींव बन सकता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि बच्चों की पढ़ाई से किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए।

‘सरकार सुविधाएं दे रही, अब अभिभावक निभाएं जिम्मेदारी’

जनता दर्शन के दौरान मुख्यमंत्री की नजर कुछ छोटे बच्चों पर पड़ी, जो अपने माता-पिता के साथ वहां पहुंचे थे। बातचीत के दौरान जब उन्हें पता चला कि कुछ बच्चों का अभी तक स्कूल में दाखिला नहीं कराया गया है, तो उन्होंने इस पर चिंता जताई।

मुख्यमंत्री ने अभिभावकों को समझाते हुए कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में अब बच्चों को मुफ्त शिक्षा के साथ कई अन्य सुविधाएं भी दी जा रही हैं।

सीएम योगी ने बताया कि सरकार यूनिफॉर्म, जूते-मोजे, स्कूल बैग और कॉपी-किताबों के लिए अभिभावकों के खातों में सीधे 1200 रुपये भेज रही है। इसके अलावा बच्चों को मिड-डे मील के तहत पौष्टिक भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जब सरकार बच्चों की पढ़ाई के लिए हर संभव मदद दे रही है, तो माता-पिता की जिम्मेदारी बनती है कि वे बच्चों को नियमित स्कूल भेजें।

युवाओं से बोले- सिफारिश नहीं, मेहनत से मिलेगी नौकरी

जनता दर्शन में पहुंचे बेरोजगार युवाओं से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में 9 लाख से अधिक युवाओं को बिना भेदभाव और भ्रष्टाचार के सरकारी नौकरियां दी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस साल भी लाखों रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे किसी शॉर्टकट या सिफारिश के भरोसे न रहें, बल्कि पूरी मेहनत और ईमानदारी से तैयारी करें।

सीएम योगी के इस संदेश के बाद वहां मौजूद युवाओं में उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला।

अवैध कब्जों पर सख्त हुए मुख्यमंत्री

जनता दर्शन के दौरान कई लोगों ने भूमि विवाद और अवैध कब्जे से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए और साफ कहा कि दबंगई और जमीन कब्जाने जैसी घटनाओं को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को संयुक्त टीम बनाकर तत्काल जांच करने के निर्देश दिए। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर शासन को रिपोर्ट सौंपने को कहा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.