स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर नोएडा प्राधिकरण सख्त, ACEO वंदना त्रिपाठी ने संविदाकारों को दिए सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश

0 38

नोएडा: स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने जनस्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। मंगलवार को नोएडा प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी ने जनस्वास्थ्य संबंधी कार्यों में लगे विभिन्न संविदाकारों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की।

बैठक में नोएडा प्राधिकरण के वरिष्ठ प्रबंधक कपिल सिंह, प्रवीण सलोनिया, राजकमल सिंह और प्रबंधक अरुण कुमार समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

बरसात से पहले नालियों की सफाई अभियान चलाने के निर्देश

बैठक के दौरान अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी संविदाकारों को निर्देश दिए कि नोएडा के सभी गांवों और सेक्टरों में टीम बनाकर वर्षा ऋतु से पहले विशेष अभियान चलाते हुए नालियों की सफाई कराई जाए।

उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि नालियों के किनारे उगी घास और झाड़ियों को सफाई के दौरान नहीं हटाया जाता, जिससे जल निकासी प्रभावित होती है और पानी जमा होने की समस्या पैदा होती है।

इसी को देखते हुए नालियों के किनारे उगी घास और झाड़ियों को भी हटाने के निर्देश दिए गए।

सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर रोजाना सफाई के आदेश

अधिकारियों ने संविदाकारों को निर्देशित किया कि सभी सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रतिदिन समय से झाड़ू लगाई जाए।

बैठक में यह भी सामने आया कि कई मार्गों पर फुटपाथ के किनारे बनी केसी ड्रेन में कूड़ा और मलबा जमा रहता है। इस पर नाराजगी जताते हुए नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सफाई कर्मचारियों के लिए यूनिफॉर्म अनिवार्य

अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी संविदाकारों से कहा कि वे अपने-अपने कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण करें और सफाई कार्यों की निगरानी करें।

इसके साथ ही सफाई कर्मचारियों को वर्दी पहनकर ही कार्य करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि व्यवस्था में अनुशासन और पारदर्शिता बनी रहे।

स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन पर फोकस

नोएडा प्राधिकरण का फोकस इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन पर है। इसी को लेकर जनस्वास्थ्य और सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद तेज कर दी गई है।

प्राधिकरण ने साफ किया है कि सफाई कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.