राष्ट्रीय लोक अदालत 09 मई को: व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जनपद न्यायाधीश ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी जानकारी
गौतमबुद्धनगर: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में आगामी 09 मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। अधिक से अधिक मामलों के निस्तारण के उद्देश्य से जनपद स्तर पर जागरूकता अभियान शुरू किया गया है।
जनपद न्यायाधीश ने किया प्रचार वाहन का शुभारंभ
इस अभियान के तहत माननीय जनपद न्यायाधीश अतुल श्रीवास्तव ने प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में जाकर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व और लाभों के बारे में जागरूक करेगा।
लोक अदालत के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों तक लोक अदालत की जानकारी पहुंचाना और अधिक से अधिक मामलों का आपसी समझौते के माध्यम से निस्तारण कराना है। प्रचार वाहन के जरिए लोगों को बताया जाएगा कि लोक अदालत में छोटे-छोटे विवादों का त्वरित और सुलभ समाधान संभव है।

अधिकारी रहे उपस्थित
इस अवसर पर अपर जिला जज-प्रथम सुनील कुमार, अपर जिला जज-द्वितीय/विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट)/नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सोमप्रभा मिश्रा, अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश पोक्सो कुमार गौरव, अपर जिला जज-चतुर्थ मयूर जैन, अपर जिला जज-पंचम आशीष कुमार चौरसिया, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) बबीता पाठक, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-प्रथम मयंक त्रिपाठी, पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी रावत सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
लोक अदालत से मिलेगा त्वरित न्याय
प्रशासन का मानना है कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण संभव है, जिससे न केवल न्यायिक प्रक्रिया में तेजी आएगी, बल्कि आम जनता को भी राहत मिलेगी।