बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के नाम पर लगी अंतिम मुहर, अमित शाह ने विधायक दल की बैठक में सौंप दी नेतृत्व की कमान

0 123

पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा फैसला सामने आया है। बीजेपी विधायक दल की बैठक में शुभेंदु अधिकारी को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया। इसके बाद शुभेंदु अधिकारी ने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा भी पेश कर दिया। हालांकि राजनीतिक गलियारों में पहले से ही यह लगभग तय माना जा रहा था कि बंगाल की कमान शुभेंदु अधिकारी को ही सौंपी जाएगी, लेकिन उनके नाम को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई थी क्योंकि वह तृणमूल कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए थे। ऐसे में सवाल उठ रहे थे कि क्या यही वजह उन्हें मुख्यमंत्री पद की दौड़ से बाहर कर सकती है। लेकिन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विधायक दल की बैठक में साफ कर दिया कि आखिर पार्टी नेतृत्व ने शुभेंदु अधिकारी पर ही भरोसा क्यों जताया।

विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से चुने गए नेता

बीजेपी विधायक दल की बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर पहुंचे अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी के नाम का औपचारिक ऐलान किया। उन्होंने कहा कि बीजेपी अध्यक्ष की ओर से उन्हें और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पर्यवेक्षक बनाकर भेजा गया था। बैठक में विधायकों की ओर से कुल आठ प्रस्ताव और समर्थन पत्र मिले, लेकिन सभी में सिर्फ एक ही नाम था — शुभेंदु अधिकारी। इसके बाद अमित शाह ने उन्हें पश्चिम बंगाल विधानमंडल दल का नेता निर्वाचित घोषित कर दिया।

अमित शाह ने शुभेंदु अधिकारी की जमकर की तारीफ

आमतौर पर विधायक दल की बैठकों में सिर्फ नेता के चयन की प्रक्रिया पूरी होती है, लेकिन बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत को देखते हुए माहौल अलग नजर आया। आजादी के बाद पहली बार पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनने जा रही है और वह भी दो तिहाई से अधिक बहुमत के साथ। इसी वजह से अमित शाह बैठक में बेहद उत्साहित और भावुक दिखाई दिए।

उन्होंने शुभेंदु अधिकारी को जुझारू, निडर और संघर्षशील नेता बताते हुए कहा कि वह उनकी प्रशासनिक क्षमता को करीब से जानते हैं। अमित शाह ने भरोसा जताया कि शुभेंदु अधिकारी राज्य की जनता की उम्मीदों पर पूरी तरह खरे उतरेंगे और बंगाल को नई दिशा देंगे।

शपथ से पहले ही सरकार के सामने रखा बड़ा लक्ष्य

कोलकाता में शुभेंदु अधिकारी कल मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे, लेकिन उससे पहले ही अमित Shah ने नई सरकार के सामने बड़ा लक्ष्य रख दिया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने बदलाव और भरोसे के नाम पर बीजेपी को जनादेश दिया है। इसलिए अब राज्य को भयमुक्त, हिंसामुक्त, घुसपैठ से मुक्त, टोलाबाजी और भ्रष्टाचार से मुक्त बनाना होगा।

अमित शाह ने साफ कहा कि बीजेपी सरकार को जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा और सुशासन के नए मानक स्थापित करने होंगे। वहीं शुभेंदु अधिकारी ने भी भरोसा दिलाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से जो वादे किए हैं, उनकी सरकार उन्हें एक-एक कर पूरा करेगी।

ममता बनर्जी को दो बार हराने वाले नेता हैं शुभेंदु अधिकारी

शुभेंदु अधिकारी की सबसे बड़ी राजनीतिक ताकत उनकी जमीनी पकड़ मानी जाती है। पश्चिम बंगाल की राजनीति में वह ऐसे नेता हैं जिन्होंने एक नहीं बल्कि दो-दो बार तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनावी मुकाबले में हराया। ग्रामीण इलाकों में उनकी मजबूत पकड़, संगठन पर नियंत्रण और आम लोगों से सीधा जुड़ाव उन्हें अलग पहचान देता है।

सादगी भरी छवि भी शुभेंदु अधिकारी की राजनीति की बड़ी ताकत मानी जाती है। कुर्ता-पायजामा और चप्पल में नजर आने वाले शुभेंदु अधिकारी की शैली बंगाल के ग्रामीण और आम मतदाताओं को काफी पसंद आती है। यही वजह है कि उन्हें राज्य में बीजेपी का बड़ा जनाधार वाला नेता माना जाता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.