IPL 2026 में सख्ती का नया दौर! BCCI की 8 पन्नों की एडवाइजरी जारी, नियम तोड़े तो जुर्माना से लेकर बैन तक का खतरा
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन में खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और फ्रेंचाइजियों की बढ़ती प्रोटोकॉल उल्लंघन की घटनाओं को देखते हुए बड़ा कदम उठाया है। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने सभी आईपीएल फ्रेंचाइजियों को 8 पन्नों की विस्तृत नई एडवाइजरी जारी की है, जिसमें खिलाड़ियों की सुरक्षा से लेकर टीम संचालन तक कई सख्त नियम शामिल किए गए हैं। नियमों के उल्लंघन पर जुर्माने से लेकर बैन तक की कार्रवाई का प्रावधान रखा गया है।
पहली बार ‘हनी ट्रैप’ जैसे खतरे का जिक्र
नई एडवाइजरी में पहली बार BCCI ने ‘हनी ट्रैप’ जैसे संभावित सुरक्षा खतरों का उल्लेख किया है। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि बड़े टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ बाहरी लोगों के निशाने पर आ सकते हैं। ऐसे में सभी फ्रेंचाइजियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। BCCI का कहना है कि यह न केवल सुरक्षा बल्कि कानूनी जोखिमों से भी जुड़ा गंभीर मामला है।
टीम मालिकों और अधिकारियों के लिए भी सख्त नियम
BCCI ने केवल खिलाड़ियों ही नहीं बल्कि टीम मालिकों और फ्रेंचाइजी अधिकारियों के लिए भी स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अब कोई भी मालिक या अधिकारी मैच के दौरान डगआउट या प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाकर खिलाड़ियों से बातचीत नहीं कर सकेगा। उन्हें केवल मैच समाप्त होने के बाद ही खिलाड़ियों से मिलने की अनुमति होगी। ड्रेसिंग रूम और टीम क्षेत्र को पूरी तरह नियंत्रित जोन घोषित किया गया है।
होटल में एंट्री पर सख्त पाबंदी
एडवाइजरी में सबसे सख्त नियमों में से एक होटल सुरक्षा से जुड़ा है। अब किसी भी व्यक्ति को, चाहे उसका खिलाड़ी से कितना भी करीबी रिश्ता क्यों न हो, बिना टीम मैनेजर की लिखित अनुमति के होटल रूम में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मेहमानों को केवल होटल लॉबी में ही मिलने की इजाजत दी जाएगी। BCCI ने इसे सीधे तौर पर सुरक्षा और एंटी-करप्शन प्रोटोकॉल से जोड़ा है।
खिलाड़ियों की हर मूवमेंट होगी रिकॉर्ड
नई गाइडलाइन के अनुसार, अब किसी भी खिलाड़ी या सपोर्ट स्टाफ को टीम होटल से बाहर जाने से पहले सिक्योरिटी लायजन ऑफिसर या टीम इंटीग्रिटी ऑफिसर को जानकारी देना अनिवार्य होगा। उनकी हर गतिविधि और मूवमेंट का रिकॉर्ड रखा जाएगा, ताकि पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट और वेपिंग पर पूरी तरह बैन
BCCI ने अपनी एडवाइजरी में ई-सिगरेट और वेपिंग को लेकर भी सख्त कदम उठाया है। ड्रेसिंग रूम, प्रैक्टिस एरिया और टीम होटल में किसी भी प्रकार के प्रतिबंधित पदार्थ या ई-सिगरेट के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। इससे पहले कुछ घटनाओं के सामने आने के बाद बोर्ड ने यह सख्त फैसला लिया है।
नियम तोड़े तो सख्त कार्रवाई तय
BCCI ने साफ कर दिया है कि इन सभी नियमों का पालन अनिवार्य होगा और किसी भी तरह की लापरवाही या उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसमें जुर्माना, सस्पेंशन और जरूरत पड़ने पर बैन तक शामिल हो सकता है।