शुभेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में बड़ा खुलासा, बिहार के बक्सर और यूपी से 3 आरोपी हिरासत में
पश्चिम बंगाल की राजनीति से जुड़े चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट (PA) चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस ने बिहार के बक्सर और उत्तर प्रदेश से तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक तीनों संदिग्धों से गहन पूछताछ की जा रही है और हत्या में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
एसआईटी की कार्रवाई में तीनों आरोपी दबोचे गए
सूत्रों के अनुसार इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जांच कर रही एसआईटी लगातार कई राज्यों में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को बिहार के बक्सर और उत्तर प्रदेश में कुछ अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया।
बताया जा रहा है कि देर रात पुलिस तीनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल लेकर पहुंची। फिलहाल उनसे हत्या के पीछे की साजिश, मकसद और अन्य संभावित आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
टोल प्लाजा पर ऑनलाइन पेमेंट बना बड़ा सुराग
जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक आरोपियों तक पहुंचने में एक ऑनलाइन ट्रांजैक्शन अहम कड़ी साबित हुआ। बताया जा रहा है कि आरोपियों में से एक ने रास्ते में एक टोल प्लाजा पर ऑनलाइन भुगतान किया था। इसी डिजिटल इनपुट के जरिए पुलिस को उनकी लोकेशन और मूवमेंट की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों को हिरासत में लिया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या की पूरी साजिश कैसे रची गई और इसमें किन-किन लोगों की भूमिका रही।
जल्द जारी हो सकती है आधिकारिक प्रेस रिलीज
सूत्रों के मुताबिक पश्चिम बंगाल पुलिस इस मामले में जल्द आधिकारिक प्रेस रिलीज जारी कर सकती है। फिलहाल पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आरोपियों से पूछताछ और सबूतों का सत्यापन कर रही है।
गौरतलब है कि शुभेंदु अधिकारी के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की हाल ही में बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद राज्य की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई थी और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई थी।