राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर CM योगी का युवाओं को संदेश, बोले- नई तकनीक सीखें, नवाचार अपनाएं और आत्मनिर्भर यूपी के निर्माण में निभाएं भूमिका

0 27

राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य के युवाओं के नाम विशेष संदेश जारी करते हुए उन्हें आधुनिक तकनीक से जुड़ने और नवाचार को अपनाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते दौर में तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर चलना बेहद जरूरी है और यही मजबूत भविष्य की सबसे बड़ी कुंजी है।

11 मई को देशभर में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1998 में भारत ने राजस्थान के पोखरण में ‘ऑपरेशन शक्ति’ के तहत सफल परमाणु परीक्षण कर दुनिया को अपनी वैज्ञानिक और तकनीकी क्षमता का परिचय दिया था। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि की स्मृति में हर साल यह दिवस मनाया जाता है।

‘तकनीक आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव’

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि 11 मई केवल एक तारीख नहीं, बल्कि भारत की वैज्ञानिक शक्ति और तकनीकी आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1998 में पोखरण में किए गए परमाणु परीक्षण ने पूरी दुनिया को भारत की सामर्थ्य का एहसास कराया था।

सीएम योगी ने कहा कि इसी दिन स्वदेशी विमान ‘हंस-3’ ने सफल उड़ान भरी थी और स्वदेशी ‘त्रिशूल’ मिसाइल का परीक्षण भी किया गया था। उन्होंने कहा कि तकनीक केवल विकास का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता का सशक्त आधार है और प्रदेश सरकार इसी सोच के साथ आगे बढ़ रही है।

‘तकनीक अब खेत-खलिहान तक पहुंच चुकी है’

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तकनीक प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं रही, बल्कि गांव, खेत और आम लोगों के जीवन तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के जरिए जनजीवन अधिक आसान और पारदर्शी बना है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि डीबीटी के माध्यम से लोगों के खातों में सीधे धनराशि भेजी जा रही है और ऑनलाइन सेवाओं के विस्तार से नागरिकों को सुविधाएं मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के सपूत शुभांशु शुक्ला ने गत वर्ष सफल अंतरिक्ष उड़ान के जरिए पूरे देश का गौरव बढ़ाया और यह तकनीकी प्रगति का ही परिणाम है।

यूपी को ‘डीप टेक कैपिटल’ बनाने की तैयारी

सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को तकनीक आधारित भविष्य के लिए तैयार करने में जुटी है। उन्होंने बताया कि राज्य में रोबोटिक्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन पर तेजी से काम किया जा रहा है। साथ ही डेटा सेंटर क्लस्टर परियोजनाएं भी आगे बढ़ रही हैं।

उन्होंने कहा कि ‘टेक युवा-समर्थ युवा योजना’ के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। सरकार ‘इनोवेट इन यूपी, स्केल फॉर द वर्ल्ड’ के विजन के साथ ड्रोन, क्वांटम टेक्नोलॉजी, ग्रीन हाइड्रोजन और मेड-टेक जैसे क्षेत्रों में तेजी से काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश का ‘डीप टेक कैपिटल’ बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि आज यूपी आईटी पार्क, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में तेजी से आगे बढ़ रहा है और यहां ब्रह्मोस मिसाइल तक का निर्माण हो रहा है।

युवाओं से सीधी अपील- तकनीक के साथ चलना जरूरी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीक समय की तरह होती है और जो इसके साथ नहीं चलता, वह पीछे छूट जाता है। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों को सीखना और नवाचार को अपनाना ही मजबूत वर्तमान और सुनहरे भविष्य की दिशा में सबसे बड़ा कदम है।

उन्होंने युवाओं से आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि युवा तकनीकी प्रगति और नवाचार के रास्ते पर आगे बढ़ें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.