शुभेंदु अधिकारी की पहली कैबिनेट बैठक में बड़े फैसलों की झड़ी, BSF को 45 दिन में जमीन ट्रांसफर करने का निर्देश; केंद्र की योजनाओं से जुड़ने का ऐलान

0 31

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने पद संभालते ही सख्त और तेज प्रशासनिक रुख अपनाया है। सोमवार को मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में पहली कैबिनेट बैठक हुई, जिसमें कई अहम और दूरगामी फैसले लिए गए। बैठक के बाद सीएम ने स्पष्ट संदेश दिया कि सरकार डबल इंजन मॉडल की तर्ज पर काम करेगी और विकास, सुरक्षा व सुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता होंगे।

कैबिनेट की पहली बैठक में कई अहम निर्णय

कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ अग्निमित्रा पॉल, खुदीराम टुडू, अशोक कीर्तनिया और निशित प्रामाणिक सहित कई मंत्री शामिल हुए। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने जनता को भरोसा दिलाया कि सरकार नीति आधारित शासन पर काम करेगी, न कि किसी व्यक्तिगत सोच पर।

उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “भय आउट, भरोसा इन” के मंत्र के साथ आगे बढ़ेगी और जनता का विश्वास, सुरक्षा और विकास प्राथमिक लक्ष्य रहेगा।

BSF को 45 दिन में जमीन ट्रांसफर का आदेश

बैठक में सबसे बड़ा फैसला सीमा सुरक्षा बल (BSF) से जुड़ा रहा। सरकार ने निर्देश दिया है कि बॉर्डर पर BSF को जमीन ट्रांसफर की प्रक्रिया 45 दिनों के भीतर पूरी की जाएगी। इसके लिए मुख्य सचिव और भूमि सचिव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

केंद्र की योजनाओं से जुड़ने का फैसला

राज्य सरकार ने केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं से जुड़ने का भी फैसला किया है। इनमें आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान बीमा, प्रधानमंत्री श्री योजना, विश्वकर्मा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और उज्ज्वला योजना शामिल हैं। सरकार ने स्पष्ट किया कि इन योजनाओं का लाभ राज्य के लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाएगा।

प्रशासनिक और कानूनी सुधारों पर जोर

कैबिनेट बैठक में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने पर भी फोकस किया गया। IAS अधिकारियों को केंद्रीय प्रशिक्षण से जोड़ने और राज्य को भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अनुरूप पूरी तरह लागू करने का निर्णय लिया गया है।

इसके साथ ही सरकारी नौकरी के लिए अधिकतम आयु सीमा को 5 वर्ष बढ़ाने का फैसला भी लिया गया, जिससे युवाओं को अधिक अवसर मिल सकें।

जनगणना निर्देश लागू करने का निर्णय

गृह मंत्रालय के 16 जून 2025 के जनगणना निर्देश को तत्काल प्रभाव से लागू करने का भी निर्णय लिया गया है, जिसे पिछली सरकार द्वारा रोका गया था।

शहीदों को श्रद्धांजलि और सख्त कार्रवाई का संकेत

मुख्यमंत्री ने भाजपा के 321 शहीद कार्यकर्ताओं को श्रद्धांजलि दी और उनके परिवारों के साथ खड़े रहने का भरोसा दिया। उन्होंने यह भी कहा कि राजनीतिक हिंसा में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सुशासन और डबल इंजन सरकार का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल में “सुशासन, सुरक्षा और विकास” की नई शुरुआत हो चुकी है और सरकार डबल इंजन मॉडल के तहत राज्य को आगे ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.