शपथ से पहले हिमंत विश्व शर्मा का बड़ा संदेश, मां कामाख्या और श्रीमंत शंकरदेव का नाम लेकर बोले— असम विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगा
गुवाहाटी: असम में नई सरकार के गठन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता हिमंत विश्व शर्मा आज दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शपथ ग्रहण से पहले उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि नई सरकार का मुख्य लक्ष्य पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र को पूरी तरह लागू करना होगा।
शपथ के बाद कैबिनेट बैठक पर रहेगा फोकस
मीडिया से बातचीत में हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि शपथ लेने के तुरंत बाद पहली कैबिनेट बैठक बुलाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का पूरा ध्यान चुनाव के दौरान किए गए वादों और घोषणा पत्र में शामिल योजनाओं को धरातल पर उतारने पर रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में प्रशासनिक कामकाज की गति को और तेज किया जाएगा।
मां कामाख्या के आशीर्वाद से विकास का दावा
शर्मा ने अपने संदेश में मां कामाख्या और महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन दिव्य आशीर्वादों से असम के लोगों का जीवन सुख, शांति और समृद्धि की ओर आगे बढ़ेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि असम आने वाले दिनों में विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे बड़े नेता
हिमंत विश्व शर्मा का शपथ ग्रहण समारोह आज सुबह 11:40 बजे गुवाहाटी के खनापारा स्थित वेटरिनरी कॉलेज फील्ड में आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, रक्षा मंत्री सहित कई वरिष्ठ नेता और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहेंगे।
सरकार गठन की प्रक्रिया पूरी, राज्यपाल से मिला था दावा
इससे पहले राज्य के मुख्य सचिव की ओर से राज्यपाल के निर्देश पर हिमंत विश्व शर्मा की नियुक्ति का औपचारिक आदेश जारी किया गया था। इसके बाद उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
एनडीए को मिला प्रचंड बहुमत
असम विधानसभा चुनावों में एनडीए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 126 सीटों में से 102 सीटें हासिल की हैं। इनमें बीजेपी को 82 सीटें मिलीं, जबकि उसके सहयोगी दलों एजीपी और बीपीएफ को 10-10 सीटें प्राप्त हुईं। विपक्ष में कांग्रेस गठबंधन को 19 सीटें मिलीं, जबकि अन्य दलों को सीमित सफलता मिली।