PM मोदी की अपील पर बड़ा प्रशासनिक एक्शन, मंत्रियों के काफिले में 50% कटौती का आदेश, वर्क फ्रॉम होम और ईंधन बचत पर CM योगी का सख्त फोकस
लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा बचत और मितव्ययिता से जुड़े आह्वान के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में मंत्रियों के काफिले में 50 प्रतिशत तक कटौती के निर्देश जारी किए हैं। इसके साथ ही उन्होंने ईंधन खपत कम करने और वर्क फ्रॉम होम को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया है।
काफिले में 50 प्रतिशत कटौती का निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य सचिव, डीजीपी और सभी प्रमुख विभागों के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री और मंत्रियों की फ्लीट में तत्काल प्रभाव से 50 प्रतिशत तक वाहनों की कमी की जाए। उन्होंने कहा कि काफिलों में अनावश्यक वाहनों को हटाया जाए ताकि ईंधन की बचत सुनिश्चित हो सके।
वर्क फ्रॉम होम और वर्चुअल बैठकों पर जोर
सीएम योगी ने राज्य में वर्क फ्रॉम होम मॉडल को प्राथमिकता देने की अपील की है। उन्होंने सरकारी बैठकों, सेमिनार, वर्कशॉप और कॉन्फ्रेंस को वर्चुअल माध्यम से आयोजित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही उन्होंने राज्य सचिवालय और निदेशालय की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकों को भी ऑनलाइन करने के निर्देश दिए हैं।
जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंत्री, सांसद और विधायक सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। साथ ही उन्होंने सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने की सलाह दी है, जिससे समाज के विभिन्न वर्गों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने नागरिकों से भी सार्वजनिक परिवहन, साइक्लिंग और कार पूलिंग को अपनाने की अपील की है।
ईंधन और बिजली बचत पर विशेष फोकस
सीएम योगी ने कार्यालय समय को अलग-अलग बैच में विभाजित करने की बात कही ताकि पीक आवर में ईंधन खपत कम हो सके। उन्होंने सरकारी और निजी भवनों में अनावश्यक बिजली उपयोग से बचने की भी अपील की है। रात 10 बजे के बाद सजावटी लाइटों के सीमित उपयोग पर भी जोर दिया गया है।
विदेश यात्राओं और सोने की खरीद पर भी सुझाव
मुख्यमंत्री ने अगले छह महीनों तक गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं से बचने की सलाह दी है। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से अनावश्यक सोने की खरीद न करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि इससे विदेशी मुद्रा पर दबाव कम होगा और आर्थिक संतुलन बेहतर रहेगा।
स्वदेशी, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा
सीएम योगी ने स्वदेशी उत्पादों, ओडीओपी और जीआई टैग वाले सामान को बढ़ावा देने की बात कही। उन्होंने उत्तर प्रदेश में डेस्टिनेशन वेडिंग, हेरिटेज टूरिज्म और स्थानीय कारीगरों के उत्पादों को प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया। इसके साथ ही ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान शुरू करने की योजना का भी संकेत दिया गया है।
स्वास्थ्य, पोषण और कृषि पर भी फोकस
सरकार ने खाद्य तेल के उपयोग में कमी लाने और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की दिशा में भी कदम बढ़ाए हैं। स्वास्थ्य विभाग को पोषण जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, वहीं स्कूलों, अस्पतालों और सार्वजनिक संस्थानों में कम तेल वाले भोजन को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया है।