सऊदी अरब में नौकरी का सुनहरा मौका, भारतीय युवाओं को मिलेगा 1 लाख रुपये तक वेतन—टेक्निकल पदों पर भर्ती शुरू, ऐसे करें आवेदन
इटावा: विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर सामने आया है। श्रम एवं सेवायोजन विभाग की ओर से रोजगार मिशन के तहत प्रदेश के कुशल युवाओं को सऊदी अरब में नौकरी के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके तहत तकनीकी पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रोजगार संगम पोर्टल के जरिए हो रहा आवेदन
जिला सेवायोजन अधिकारी विकास मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही है।
इन तकनीकी पदों पर होगी भर्ती
भर्ती के तहत फैब्रिकेशन, सुपरवाइजर, स्ट्रक्चरल फेब्रिकेटर, मैकेनिकल टेक्नीशियन, सीएस वेल्डर, पाइप फेब्रिकेटर, मैकेनिकल फिटर, फैब्रिकेशन फोरमैन और मैकेनिकल हेल्पर जैसे विभिन्न तकनीकी पद शामिल हैं। इन पदों के लिए योग्य उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा।
50 हजार से 1 लाख रुपये तक मिलेगा वेतन
चयनित उम्मीदवारों को लगभग 50 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये प्रतिमाह तक का वेतन दिया जाएगा। इसके लिए संबंधित ट्रेड में कम से कम 3 से 5 वर्ष का कार्य अनुभव अनिवार्य रखा गया है।
24 से 48 वर्ष आयु वर्ग के उम्मीदवार कर सकते हैं आवेदन
इस भर्ती प्रक्रिया के लिए 24 से 48 वर्ष आयु वर्ग के अभ्यर्थी पात्र होंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि केवल अनुभवी और योग्य उम्मीदवारों को ही अवसर दिया जाएगा।
जिला सेवायोजन कार्यालय से ले सकते हैं जानकारी
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी जिला सेवायोजन कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। विभाग का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराना है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया जा सके।