राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर गौतमबुद्धनगर में चला बड़ा जागरूकता अभियान, लोगों को दिलाई स्वच्छता और बचाव की शपथ

0 12

गौतमबुद्धनगर: राष्ट्रीय डेंगू दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद में व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में गोष्ठियां, रैलियां और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए गए। इस दौरान नागरिकों को साफ-सफाई बनाए रखने और जलभराव रोकने की शपथ भी दिलाई गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय डेंगू दिवस की थीम “Community Participation Dengue Control: Check, Clean and Cover” रखी गई है, जिसका उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से डेंगू नियंत्रण को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि डेंगू एडीज मच्छर के कारण फैलने वाला रोग है और यह मच्छर साफ पानी में पनपता है, इसलिए घर और आसपास पानी जमा न होने देना बेहद जरूरी है।

बरौला में चला विशेष निरीक्षण अभियान

राष्ट्रीय डेंगू दिवस के तहत जिला मलेरिया अधिकारी की टीम, पाथ रीजनल कोऑर्डिनेटर डॉ. अफिरा मंजूर और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बरौला के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी की मौजूदगी में आशा कार्यकर्ताओं के साथ संगोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान डेंगू से बचाव और स्वच्छता को लेकर शपथ दिलाई गई।

इसके बाद ग्राम बरौला की गली संख्या-02 में विशेष अभियान चलाकर 41 घरों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने लोगों को बताया कि कूलर, फ्रिज की ट्रे, पानी की टंकियों, ड्रम और पक्षियों के बर्तनों में जमा पानी को सप्ताह में एक बार जरूर खाली करें। जहां जलभराव हो, वहां मोबिल ऑयल डालने की सलाह भी दी गई।

स्कूलों और फैक्ट्री में भी लोगों को किया जागरूक

ग्रीन फील्ड मॉर्डन पब्लिक स्कूल, बरौला में बच्चों को डेंगू के प्रति जागरूक किया गया। पोस्टर और हैंडबिल के माध्यम से डेंगू के लक्षण, बचाव और “क्या करें और क्या न करें” की जानकारी दी गई।

वहीं सेक्टर-65 स्थित साहू इंटरनेशनल अटायर प्राइवेट लिमिटेड में भी मलेरिया अधिकारी टीम ने श्रमिकों को डेंगू से बचाव के उपाय बताए। इस जागरूकता कार्यक्रम में करीब 350 श्रमिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान जिला मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा, डॉ. अफिरा मंजूर, डॉ. संजीव कुमार, चिकित्सा अधिकारी दिनेश कुमार और मलेरिया निरीक्षक ने लोगों को जागरूक किया।

दादरी, जेवर, बिसरख और डाढा में भी चला अभियान

नगर पालिका और नगर पंचायत दादरी में भी डेंगू जागरूकता अभियान चलाया गया। कर्मचारियों और आशा कार्यकर्ताओं के साथ गोष्ठियां आयोजित कर पोस्टर और हैंडबिल बांटे गए। दादरी क्षेत्र में स्वास्थ्य पर्यवेक्षकों ने आशाओं के साथ बैठक कर लोगों को डेंगू से बचाव की जानकारी दी।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र कानीगढ़ी, जेवर और ग्राम कानीगढ़ी में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम और आशा कार्यकर्ताओं ने अभियान चलाकर ग्रामीणों को जागरूक किया। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बिसरख में राष्ट्रीय डेंगू दिवस मनाते हुए व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डाढा में डेंगू जागरूकता रैली निकाली गई। ग्राम डाढा में आशा, एएनएम, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी और चिकित्सा अधीक्षक ने ग्रामीणों को डेंगू से बचाव के उपाय बताते हुए पोस्टर और हैंडबिल वितरित किए।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.