टीवी की ‘गहना’ ने एक्टिंग छोड़ चुना कारोबार का रास्ता, फिटकरी से शुरू किया बिजनेस आज पहुंचा करोड़ों तक
मुंबई: छोटे पर्दे के सुपरहिट शो ‘बालिका वधू’ में गहना का किरदार निभाकर लोकप्रियता हासिल करने वाली अभिनेत्री नेहा मर्दा अब अभिनय की दुनिया से दूर बिजनेस में अपनी नई पहचान बना रही हैं। कभी टीवी इंडस्ट्री में अपने दमदार किरदारों से चर्चा में रहने वाली नेहा अब एक सफल उद्यमी बन चुकी हैं। खास बात यह है कि उन्होंने अपने कारोबार की शुरुआत महज 10 रुपये में मिलने वाली फिटकरी से की थी और आज उनका बिजनेस करोड़ों का टर्नओवर हासिल कर रहा है।
‘बालिका वधू’ से मिली थी घर-घर में पहचान
नेहा मर्दा ने ‘बालिका वधू’ में गहना का किरदार निभाकर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। इसके अलावा वह ‘डोली अरमानों की’, ‘क्यूं रिश्तों में कट्टी बट्टी’ और ‘साथ रहेगा ऑलवेज’ जैसे कई टीवी शोज का हिस्सा भी रहीं। हालांकि पिछले कुछ समय से वह टीवी स्क्रीन से गायब हैं, जिसके बाद उनके फैंस लगातार यह जानना चाहते थे कि आखिर वह इन दिनों क्या कर रही हैं।
‘शार्क टैंक इंडिया’ में पहुंचकर बटोरी सुर्खियां
नेहा मर्दा हाल ही में अपने बिजनेस आइडिया को लेकर ‘शार्क टैंक इंडिया’ में नजर आई थीं। शो में उन्होंने अपने प्रोडक्ट और कारोबार की कहानी साझा की, जिसे सुनकर शार्क्स भी प्रभावित दिखाई दिए। अभिनेत्री ने बताया कि उन्होंने फिटकरी आधारित अंडरआर्म रोल-ऑन तैयार किया है, जो पसीने की बदबू को कम करने और लंबे समय तक ताजगी बनाए रखने का दावा करता है।
पति और भाई के साथ शुरू किया कारोबार
नेहा ने खुलासा किया कि इस बिजनेस की शुरुआत उन्होंने अपने पति और भाई के साथ मिलकर की थी। धीरे-धीरे उनका प्रोडक्ट लोगों के बीच लोकप्रिय होता गया और अब उनके दो लाख से ज्यादा ग्राहक बन चुके हैं। अभिनेत्री के मुताबिक, उनका कारोबार अब करोड़ों रुपये के टर्नओवर तक पहुंच चुका है।
प्रेग्नेंसी के दौरान मिला नया आइडिया
नेहा मर्दा ने बताया कि इस बिजनेस की शुरुआत उनकी निजी परेशानी से हुई। प्रेग्नेंसी के दौरान उन्हें शरीर से आने वाली बदबू की समस्या का सामना करना पड़ा। उन्होंने कई तरह के डियोड्रेंट और परफ्यूम इस्तेमाल किए, लेकिन उन्हें कोई ऐसा प्रोडक्ट नहीं मिला जो पूरी तरह ऑर्गेनिक हो। इसी तलाश ने उन्हें नया प्रोडक्ट तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ाया।
तीन साल की रिसर्च के बाद तैयार हुआ प्रोडक्ट
अभिनेत्री ने बताया कि फिटकरी बेस्ड रोल-ऑन को बाजार में उतारने से पहले उन्होंने करीब तीन साल तक रिसर्च की। इस दौरान उन्होंने इसके फॉर्मूलेशन और गुणवत्ता पर लगातार काम किया। नेहा का दावा है कि उनका प्रोडक्ट सिर्फ बदबू दूर करने तक सीमित नहीं है, बल्कि बैक्टीरिया को खत्म करने में भी मदद करता है।
कीमत को लेकर हुई आलोचना, फिर बढ़ी डिमांड
नेहा मर्दा ने बताया कि अपने प्रोडक्ट की क्वालिटी बेहतर बनाने के बाद उन्होंने इसकी कीमत 999 रुपये रखी थी। शुरुआत में ग्राहकों ने इस कीमत को लेकर नाराजगी जाहिर की और उन्हें आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा। हालांकि बाद में जब लोगों को प्रोडक्ट की खासियत और उसकी गुणवत्ता के बारे में जानकारी मिली तो इसकी मांग तेजी से बढ़ने लगी।