Gold Jewellery Export: अप्रैल में सोने के आभूषणों के निर्यात में बड़ी गिरावट, रत्न-आभूषण कारोबार पर पश्चिम एशिया संकट का असर

0 19

नई दिल्ली: पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर अब भारत के रत्न और आभूषण कारोबार पर भी साफ दिखाई देने लगा है। अप्रैल 2026 में देश के रत्न और आभूषण निर्यात में 9 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। खास तौर पर सोने के आभूषणों और हीरों के निर्यात में बड़ी कमी देखने को मिली है। यह जानकारी रत्न और आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (GJEPC) की ओर से जारी आंकड़ों में सामने आई है।

रत्न और आभूषण निर्यात 222 करोड़ डॉलर पर सिमटा

जारी आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल 2026 में भारत का कुल रत्न और आभूषण निर्यात 9.07 प्रतिशत घटकर 222.64 करोड़ अमेरिकी डॉलर रह गया। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 20,825.01 करोड़ रुपये रही।

पिछले साल अप्रैल महीने में देश का कुल रत्न और आभूषण निर्यात 244.85 करोड़ अमेरिकी डॉलर यानी 20,952.26 करोड़ रुपये था। लगातार वैश्विक तनाव और सप्लाई चेन में बाधा का असर कारोबार पर साफ नजर आया।

पश्चिम एशिया संकट बना गिरावट की बड़ी वजह

रत्न और आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद के चेयरमैन किरीट भंसाली ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक सप्लाई चेन प्रभावित हुई है। इसके साथ ही भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिका को होने वाले निर्यात पर भी असर पड़ा है। उन्होंने बताया कि टैरिफ को लेकर स्पष्टता नहीं होने से निर्यातक फिलहाल दबाव में हैं।

हीरों के निर्यात में भी आई बड़ी गिरावट

आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में तराशे और पॉलिश किए गए हीरों का निर्यात 19.65 प्रतिशत गिरकर 89.09 करोड़ अमेरिकी डॉलर रह गया। पिछले साल अप्रैल में यह आंकड़ा 110.87 करोड़ डॉलर था।

वहीं लैब में तैयार किए गए पॉलिश हीरों के निर्यात में भी 15.53 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। यह निर्यात घटकर 9.32 करोड़ डॉलर पर पहुंच गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 11.04 करोड़ डॉलर था।

सोने के आभूषणों का निर्यात 21.77% घटा

अप्रैल महीने में सोने के आभूषणों के निर्यात में भी भारी गिरावट दर्ज की गई। आंकड़ों के मुताबिक, गोल्ड ज्वेलरी एक्सपोर्ट 21.77 प्रतिशत घटकर 84.15 करोड़ अमेरिकी डॉलर रह गया। पिछले साल अप्रैल में यह 107.56 करोड़ डॉलर था।

इसके अलावा साधारण सोने के आभूषणों के निर्यात में सबसे बड़ी गिरावट देखने को मिली। इस श्रेणी में निर्यात 47.06 प्रतिशत टूटकर सिर्फ 34.10 करोड़ डॉलर रह गया, जबकि पिछले साल अप्रैल में यह 64.43 करोड़ डॉलर था।

चांदी के आभूषणों ने दी राहत

जहां सोने और हीरों के निर्यात में कमजोरी रही, वहीं चांदी के आभूषणों के निर्यात ने बड़ी राहत दी। GJEPC के मुताबिक, अप्रैल 2026 में सिल्वर ज्वेलरी एक्सपोर्ट में 444 प्रतिशत की जबरदस्त बढ़ोतरी दर्ज की गई।

चांदी के आभूषणों का निर्यात बढ़कर 26.83 करोड़ डॉलर पहुंच गया, जबकि पिछले साल अप्रैल में यह केवल 4.93 करोड़ डॉलर था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.