IMD Weather Update: दिल्ली में बादलों और धूलभरी आंधी का अलर्ट, यूपी में बढ़ेगी गर्मी; बिहार समेत 17 राज्यों में बारिश की चेतावनी

0 22

नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को कई राज्यों के लिए अलग-अलग मौसम संबंधी चेतावनियां जारी की हैं। जहां उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और हीटवेव का खतरा बढ़ रहा है, वहीं बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में बदल सकता है मौसम

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। इसके साथ गरज-चमक, हल्की बूंदाबांदी और तेज धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है।

उत्तर प्रदेश में हीटवेव की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान तापमान में तेज बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने प्रयागराज, गाजीपुर, उरई और आगरा समेत कई जिलों में हीटवेव की आशंका जताई है। वहीं इटावा और मेरठ जैसे इलाकों में रात के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्म रातों का सामना करना पड़ेगा।

राजस्थान में 45 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा

राजस्थान में पूरे सप्ताह मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती इलाकों में तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में लू चलने की स्थिति बन सकती है। इसके साथ 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं भी चल सकती हैं।

बिहार में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

बिहार के कई जिलों में मौसम विभाग ने भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी जारी की है। भागलपुर, पूर्णिया, सहरसा, सुपौल, कटिहार और अररिया समेत कई इलाकों में खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है। राजधानी पटना में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।

झारखंड में 23 मई तक बारिश का दौर

झारखंड में आज से 23 मई तक गरज-चमक, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। हालांकि गढ़वा, पलामू और लातेहार जिलों में असर अपेाकृत कम रहने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी अलर्ट

छत्तीसगढ़ में अचानक मौसम बदलने से रायपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। तेज हवाओं के चलते पेड़ उखड़ने जैसी घटनाओं की भी आशंका है। वहीं मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में ओलावृष्टि, तेज हवाएं और मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड और हिमाचल में तेज हवाओं के साथ बारिश

उत्तराखंड के नैनीताल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, पौड़ी और हरिद्वार समेत कई जिलों में भारी बारिश और 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश के शिमला, कांगड़ा, सोलन और चंबा में हल्की बारिश के साथ तेज हवाओं का अनुमान जताया गया है। मनाली में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

दक्षिण भारत में भी मौसम का असर

केरल में लगातार हो रही बारिश के बीच पथनमथिट्टा और अलप्पुझा जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं तिरुवनंतपुरम और कोझिकोड समेत कई जिलों में येलो अलर्ट लागू है।

तमिलनाडु के थेनी, डिंडीगुल, मदुरै, कोयंबटूर और नीलगिरि जिलों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। तटीय इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

तेलंगाना और ओडिशा में बढ़ेगा तापमान

तेलंगाना के आदिलाबाद, निजामाबाद और निर्मल जैसे जिलों में अगले सात दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने का अनुमान है। कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है।

वहीं ओडिशा में अगले चार दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। हालांकि क्योंझर और मयूरभंज जैसे जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनी हुई है।

पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश में भारी बारिश, बिजली गिरने और 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.