इंडिगो फ्लाइट में अचानक गुल हुई बिजली, 160 यात्री आधे घंटे तक अंधेरे और गर्मी में फंसे रहे

0 18

वडोदरा: विमानन सेवाओं में लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वडोदरा से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट में टेकऑफ से पहले अचानक बिजली आपूर्ति बंद हो गई, जिसके बाद विमान के भीतर बैठे करीब 160 यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अंधेरे और तेज गर्मी के बीच यात्रियों को करीब आधे घंटे तक विमान के अंदर ही बैठना पड़ा। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

टेकऑफ से पहले अचानक ठप हुई बिजली

जानकारी के मुताबिक इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 657 को वडोदरा से दिल्ली के लिए रात 8 बजकर 40 मिनट पर उड़ान भरनी थी। लेकिन टेकऑफ से पहले ही विमान के भीतर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इसके चलते विमान के अंदर पूरी तरह अंधेरा छा गया और एयर कंडीशनिंग सिस्टम भी बंद हो गया।

बताया जा रहा है कि विमान को उस समय ग्राउंड पावर यूनिट यानी GPU के जरिए बिजली सप्लाई की जा रही थी। इसी दौरान यूनिट में तकनीकी खराबी आ गई, जिसकी वजह से पूरी व्यवस्था ठप हो गई।

अंधेरे और उमस में परेशान हुए यात्री

एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी खराबी दूर करने में इंजीनियरों को करीब 12 से 15 मिनट का समय लगा। हालांकि बिजली आपूर्ति सामान्य होने में लगभग 30 मिनट लग गए। इस दौरान विमान के केबिन में न तो रोशनी थी और न ही एसी काम कर रहा था।

गर्मी और बंद माहौल के कारण यात्री पसीने से तरबतर हो गए। कई यात्रियों ने इस दौरान घबराहट और बेचैनी की शिकायत भी की। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में यात्री मोबाइल की फ्लैशलाइट जलाकर बैठे नजर आए।

करीब डेढ़ घंटे देरी से रवाना हुई फ्लाइट

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटरडार के मुताबिक, विमान निर्धारित समय से करीब 1 घंटा 20 मिनट देरी से रवाना हुआ। जहां उड़ान का तय समय रात 8:40 बजे था, वहीं विमान रात करीब 10 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भर सका।

इंडिगो की ओर से अब तक नहीं आया बयान

घटना को लेकर अब तक इंडिगो एयरलाइंस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि इस घटना के बाद विमानन सुरक्षा और यात्रियों की सुविधाओं को लेकर सवाल जरूर खड़े हो गए हैं।

यात्रियों का कहना है कि इतनी देर तक बिना बिजली और एयर कंडीशनिंग के विमान में बैठाना बेहद असुविधाजनक था और इससे यात्रियों की सुरक्षा को भी खतरा हो सकता था।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.