भीषण गर्मी से मिलेगी राहत, उत्तर भारत में सक्रिय हुआ बड़ा पश्चिमी विक्षोभ; 6 राज्यों में बारिश और तापमान गिरने के संकेत

0 26

नई दिल्ली: उत्तर और पूर्वी भारत इस समय भीषण गर्मी की चपेट में हैं। हालात ऐसे हैं कि दिन के साथ-साथ रात में भी लोगों को गर्म हवाओं और उमस से राहत नहीं मिल रही। राजधानी दिल्ली में मई महीने की सबसे गर्म रात दर्ज की गई है। हालांकि, मौसम विभाग की ताजा गतिविधियों और सैटेलाइट तस्वीरों ने अब राहत के संकेत दिए हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बड़ा पश्चिमी विक्षोभ तेजी से उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है, जिसकी वजह से आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश और तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।

सैटेलाइट तस्वीरों में दिखा बड़ा सिस्टम

भारत मौसम विज्ञान विभाग की सैटेलाइट तस्वीरों के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ काफी तेजी से सक्रिय हो रहा है। 21 मई को INSAT-3DS से ली गई थर्मल इन्फ्रारेड तस्वीरों में अफगानिस्तान, पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर बादलों का विशाल समूह और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र साफ दिखाई दिया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह सिस्टम अब धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ रहा है और हिमालयी क्षेत्रों के साथ उत्तर भारत के मैदानी इलाकों को प्रभावित कर सकता है।

अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से बढ़ रही नमी

मौसम विभाग की निगरानी में यह भी सामने आया है कि अरब सागर से लगातार नमी उत्तर भारत की ओर बढ़ रही है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत और बंगाल की खाड़ी के ऊपर भी बादलों की सक्रियता बढ़ गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम से आने वाला यह पश्चिमी विक्षोभ जब समुद्री नमी से टकराएगा, तब कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल सकता है। इसके असर से तेज आंधी, बिजली चमकने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई जा रही है।

प्री-मानसून गतिविधियों ने पकड़ी रफ्तार

पूर्वोत्तर भारत में बादलों की बढ़ती सक्रियता को प्री-मानसून गतिविधियों की शुरुआत माना जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों क्षेत्रों में बादलों की गोलबंदी शुरू हो चुकी है, जो मानसून के आगमन की प्रारंभिक स्थितियों का संकेत है।

इन राज्यों में बदल सकता है मौसम

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर अगले कुछ दिनों में जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है।

हालांकि, बारिश की तीव्रता को लेकर अभी स्पष्ट अनुमान सामने नहीं आया है, लेकिन तापमान में गिरावट की संभावना मजबूत मानी जा रही है।

दिल्ली में 14 साल बाद सबसे गर्म रात

दिल्ली में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात पिछले करीब 14 वर्षों में मई महीने की सबसे गर्म रात दर्ज की गई। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.2 डिग्री अधिक रहा।

आईएमडी के मुताबिक, इससे पहले 26 मई 2012 को न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, राजधानी के कई इलाकों में दिन का तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के पार बना हुआ है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.