आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, टैंकर से भिड़ी बस में लगी आग; ड्राइवर-कंडक्टर जिंदा जले, कई यात्री घायल

0 24

फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मटसेना थाना क्षेत्र में एक प्राइवेट स्लीपर बस टैंकर से टकरा गई, जिसके बाद बस में भीषण आग लग गई। हादसे में बस चालक और कंडक्टर की जलकर मौत हो गई, जबकि 15 से 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

टक्कर के बाद बस बनी आग का गोला

जानकारी के मुताबिक, कानपुर से गुरुग्राम जा रही डबल डेकर प्राइवेट स्लीपर बस आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर खंभा संख्या 46 किलोमीटर के पास टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरी बस धुएं और लपटों से घिर गई।

हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई लोग किसी तरह बस से बाहर निकले, जबकि कुछ यात्री अंदर ही फंस गए।

ड्राइवर और कंडक्टर की मौत

इस भीषण हादसे में बस चालक और परिचालक की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, दोनों आग की चपेट में आ गए और उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका।

वहीं हादसे में घायल हुए यात्रियों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

राहत-बचाव में जुटी पुलिस और फायर ब्रिगेड

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इसके बाद बस में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।

घायलों को मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद और सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

नगर मजिस्ट्रेट ने दी जानकारी

फिरोजाबाद के नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार पांडेय ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बस के टैंकर से टकराने के बाद आग लग गई थी। उन्होंने कहा कि हादसे में 15 से 20 लोग घायल हुए हैं।

उन्होंने बताया कि पांच लोगों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज शिकोहाबाद और सैफई में चल रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ड्राइवर और कंडक्टर की मौत हुई है।

अस्पताल में घायलों का इलाज जारी

शिकोहाबाद सरकारी अस्पताल के डॉक्टर पीयूष गंगवार ने बताया कि हादसे के बाद 15 घायल मरीज अस्पताल लाए गए हैं। फिलहाल सभी का इलाज किया जा रहा है।

पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और अचानक टक्कर को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.