खरीफ 2026-27: किसानों के लिए बड़ा मौका, धान-दलहन और मिलेट्स बीज की ऑनलाइन बुकिंग शुरू, मुफ्त मिनीकिट भी मिलेंगे

0 26

गौतमबुद्धनगर: जिले के किसानों के लिए खरीफ 2026-27 सीजन को लेकर बड़ी राहत और अहम अवसर सामने आया है। कृषि विभाग ने सामान्य वितरण और निःशुल्क मिनीकिट योजना के तहत धान, दलहनी फसलों और मिलेट्स बीजों की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे ने बताया कि जनपद को विभिन्न फसलों के बीजों का लक्ष्य और आवंटन प्राप्त हो चुका है, जिसकी आपूर्ति कृषि विभाग के सभी बीज गोदामों पर लगातार की जा रही है।

कृषि विभाग के अनुसार सामान्य वितरण योजना के तहत धान, मूंग और उर्द के बीज किसानों को उपलब्ध कराए जाएंगे, जबकि निःशुल्क मिनीकिट योजना में उर्द, मूंग, अरहर और विभिन्न मिलेट्स फसलों के बीज वितरित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत सावा, कोदो, रागी, मडुवा, बाजरा और ज्वार जैसे मोटे अनाजों के बीज भी शामिल हैं। विभाग की ओर से ऑनलाइन बुकिंग और वितरण की प्रक्रिया जारी है।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि जनपद में धान 237.70 कुंतल, उर्द 7.60 कुंतल, मूंग 2.00 कुंतल और अरहर 92.00 कुंतल बीज उपलब्ध कराया गया है। वहीं मिनीकिट योजना के तहत उर्द मिनीकिट 1.00 कुंतल, मूंग मिनीकिट 2.00 कुंतल, अरहर मिनीकिट 25.14 कुंतल, ज्वार मिनीकिट 0.60 कुंतल, बाजरा मिनीकिट 1.50 कुंतल, कोदो मिनीकिट 2.25 कुंतल, सावा मिनीकिट 2.25 कुंतल और रागी मिनीकिट 2.25 कुंतल का आवंटन जनपद को मिला है।

ऑनलाइन बुकिंग से मिलेगा अनुदानित बीज

कृषि विभाग ने जनपद के सभी पंजीकृत किसानों से अपील की है कि यदि वे खरीफ 2026-27 में धान, दलहनी फसलों या मिलेट्स की बुवाई करना चाहते हैं तो विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग कर अनुदानित बीज और निःशुल्क मिनीकिट का लाभ उठा सकते हैं। विभाग के मुताबिक ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया 19 मई 2026 से दोबारा शुरू कर दी गई है।

जन सेवा केंद्र से भी करा सकते हैं पंजीकरण

किसान अपनी बुकिंग स्वयं ऑनलाइन कर सकते हैं या फिर जन सेवा केंद्र के माध्यम से आवेदन करा सकते हैं। विभाग ने कहा है कि बीज उपलब्धता और बुकिंग से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए किसान अपने विकासखंड स्थित बीज गोदाम पर जाकर गोदाम प्रभारी या संबंधित क्षेत्रीय कर्मचारी से संपर्क कर सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.