भीषण गर्मी के बीच यूपी में बिजली संकट गहराया, विभाग की अपील- ‘AC 24 डिग्री पर चलाएं, बेवजह लाइट न जलाएं’

0 29

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली संकट लगातार गहराता जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन भी देखने को मिल रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि कई इलाकों में लोगों ने बिजली सब स्टेशनों का घेराव तक कर दिया। बढ़ती नाराजगी के बीच अब विद्युत विभाग ने जनता से बिजली बचाने की अपील की है।

बिजली विभाग की ओर से जारी ऑडियो संदेश में कहा गया है कि “बिजली सिर्फ तारों से नहीं, तहज़ीब से भी आती है।” विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे जरूरत के मुताबिक ही बिजली का इस्तेमाल करें ताकि सप्लाई व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।

लोगों से की गई ये खास अपील

विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से कहा है कि बेवजह बिजली के उपकरण चालू न रखें। खासतौर पर एयर कंडीशनर को 24 डिग्री तापमान पर चलाने की सलाह दी गई है।

इसके अलावा लोगों से कहा गया है कि दिन के समय अनावश्यक लाइट, पंखे और एसी बंद रखें। पानी की मोटर और भारी बिजली उपकरणों का सीमित उपयोग करें ताकि ट्रांसफॉर्मर और लाइनों पर ओवरलोड की स्थिति न बने।

विभाग ने चेतावनी दी है कि अत्यधिक लोड की वजह से ट्रांसफॉर्मर जलने और लाइन फॉल्ट की घटनाएं बढ़ सकती हैं, जिससे पूरे इलाके की बिजली सप्लाई प्रभावित हो सकती है।

कटिया और अवैध बिजली उपयोग पर भी सख्ती

बिजली विभाग ने लोगों से अवैध बिजली इस्तेमाल यानी कटिया लगाने से बचने की अपील भी की है। विभाग के मुताबिक इससे लाइन फॉल्ट बढ़ते हैं और पूरी व्यवस्था पर असर पड़ता है।

साथ ही खराब वायरिंग और ढीले कनेक्शन को तुरंत ठीक कराने की सलाह भी दी गई है ताकि दुर्घटनाओं और तकनीकी खराबियों से बचा जा सके।

CM योगी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

प्रदेश में बिजली संकट को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हाल ही में उच्चस्तरीय बैठक की थी। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुधारने और शिकायतों का तत्काल निपटारा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि शहरों में 24 घंटे और गांवों में कम से कम 18 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा उन्होंने उत्पादन क्षमता बढ़ाने, ट्रांसमिशन नेटवर्क मजबूत करने और फीडर स्तर पर निगरानी तेज करने के निर्देश भी दिए हैं। आदेशों का पालन न करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

भीषण गर्मी ने बढ़ाई बिजली की मांग

प्रदेश में लगातार बढ़ते तापमान और लू के चलते बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। एसी, कूलर और पानी की मोटरों के बढ़ते इस्तेमाल से कई क्षेत्रों में लोड बढ़ गया है, जिसके कारण बिजली व्यवस्था पर दबाव लगातार बढ़ रहा है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर लोग जरूरत के अनुसार बिजली का इस्तेमाल करें तो सप्लाई व्यवस्था को काफी हद तक संतुलित रखा जा सकता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.