हमीरपुर में आंधी-तूफान बना काल, निर्माणाधीन पुल का हिस्सा ढहा, 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत, कई के दबे होने की आशंका
हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। तेज आंधी-तूफान के बीच निर्माणाधीन पुल का हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर मलबे में दब गए। हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य लोगों के अब भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह दर्दनाक हादसा कुरारा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन कंडौर-मोराकांदर पुल पर हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तेज तूफान के दौरान पुल की सटरिंग, स्लैब और कोठी का हिस्सा अचानक ढह गया। उस समय नीचे कई मजदूर काम कर रहे थे, जो सीधे मलबे की चपेट में आ गए।
आंधी-तूफान के बीच अचानक ढहा पुल का हिस्सा
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात हमीरपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और तूफान आया था। इसी दौरान बेतवा नदी पर बन रहे पुल की संरचना कमजोर पड़ गई और देखते ही देखते बड़ा हिस्सा नीचे गिर गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग भी राहत कार्य में जुट गए।
हादसे में कई मजदूर घायल भी बताए जा रहे हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्रशासन को आशंका है कि मलबे के नीचे अभी और लोग फंसे हो सकते हैं, इसलिए राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
मौके पर पहुंची SDRF और प्रशासन की टीम
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। एसडीएम, सीओ समेत कई थानों की पुलिस फोर्स राहत कार्य में जुटी हुई है। SDRF की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम कर रही है।
रेस्क्यू टीम भारी मशीनों की मदद से मलबे को हटाने में लगी है ताकि नीचे दबे लोगों को सुरक्षित निकाला जा सके। प्रशासन ने आसपास के इलाके को भी एहतियातन खाली करा दिया है।
सीएम योगी ने जताया दुख, दिए सख्त निर्देश
हमीरपुर हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को तत्काल राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम योगी ने वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी करने को कहा है। साथ ही घायलों के समुचित इलाज, मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।